
इंदौर। शहर में ठंड ने दस्तक दे दी है। कल रात पहली बार न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के नीचे पहुंच गया। इसके कारण रात को हल्की ठंड का अहसास हुआ। वहीं दिन में मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी हुई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब बारिश की संभावना नहीं रह गई है और जल्द ही मानसून की विदाई की घोषणा हो सकती है।
मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम, लेकिन परसों की अपेक्षा 0.6 डिग्री ज्यादा था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री रहा जो सामान्य से 2 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 2.6 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं का रुख उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी रहा।
हवाओं के अधिकतम रफ़्तार 17 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर की ओर से आ रही हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई है। यह ठंड के शुरुआत के संकेत हैं। वैज्ञानिकों ने बताया कि मध्य प्रदेश के उत्तर पश्चिम क्षेत्र से मानसून की विदाई घोषित की गई है, शेष प्रदेश में अब भी मानसून बताया जा रहा है, लेकिन अब इंदौर सहित आसपास के क्षेत्र में आने वाले समय में बारिश की कोई संभावना नजर नहीं आ रही इसे देखते हुए उम्मीद है कि जल्द ही इंदौर से मानसून की विदाई घोषित कर दी जाएगी, वहीं आने वाले दिनों में रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved