भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

किसानों को भड़का रही कांग्रेस, भाजपा सरकारें ले रही किसान हितैषी निर्णयः विष्णुदत्त शर्मा

देवास। दिल्ली में किसानों के नाम पर वामपंथी और कांग्रेस के लोग अराजकता पैदा करने में लगे हुए हैं। जिन राहुल गांधी को यह नहीं पता कि आलू जमीन में पैदा होता है या पेड़ पर लगता है, वो किसानों के आंदोलन में वक्तव्य दे रहे हैं। आजादी के बाद कांग्रेस सबसे अधिक समय तक देश में सत्ता में रही लेकिन उसने किसानों की भलाई के लिए कोई निर्णय नहीं लिया। आज जब मोदी सरकार किसानों के हित में निर्णय ले रही है, तो कांग्रेस किसानों को भड़काने और भ्रमित करने का काम कर रही है। दूसरी तरफ भाजपा की सरकारें किसानों के हित में निर्णय ले रही हैं। जब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसान सम्मान निधि की शुरुआत कर 6 हज़ार रुपए किसानों के खातों में डाले, तो मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस राशि में 4 हज़ार रुपए और जोड़कर किसानों को सम्मान दिया। देश में पहली बार किसानों के हक में इस तरह का काम हुआ है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को देवास में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में कही।



शनिवार को मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने प्रदेश के 20 लाख किसानों के बैंक खातों में 400 करोड रूपए सिंगल क्लिक से ट्रांसफर किए। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान सागर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मौजूद थे। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा देवास में इस कार्यक्रम से जुड़े और किसानों को संबोधित किया।
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर कांग्रेस और वामपंथी दलों ने जिस तरीके देश को शर्मसार करने की कोशिश की, वह निदंनीय है। मैं कांग्रेस और वामपंथियों से पूछना चाहता हूं कि दिल्ली में लाल किले पर तिरंगे का अपमान करने का अधिकार आपको किसने दिया ? श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस और वामपंथियों ने मिलकर लाल किले पर खून की होली खेलने वालों को उकसाया। देश की जनता इन्हें इनके इस कुकृत्य के लिए कभी माफ़ नहीं करेगी।
श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान किसान के बेटे है। वे किसानों का दुख दर्द बेहतर समझते हैं। जब भी किसान परेशानी में आया तब मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और उनकी सरकार चट्टान की तरह उनके साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में ऐसा कोई महीना नहीं जाता जब गरीबों के खातों में हमारे मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पैसों का हस्तांतरण नहीं करते हों। इससे यह सिद्ध होता है कि भाजपा सरकार गरीब और किसान हितैषी सरकार है। श्री शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता ने 15 माह की किसान और गरीब विरोधी सरकार को उखाड़कर फेंक दिया और किसानों और गरीबों की हितैषी भाजपा सरकार को लाकर किसान पुत्र शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री की पुनः जिम्मेदारी सौंपी है। श्री शिवराज जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर बन रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पूरे देश में और श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश में कई ऐतिहासिक कार्य हुए। शिवराज जी ने गुड गवर्नेंस को जमीन पर उतारा है, सिंगल क्लिक से जमीन का डायवर्जन हो रहा है। सुशासन का इससे बेहतर उदाहरण नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने किसानों की आय दोगुनी करने के साथ ही उन्हें अपनी फसल की कीमत तय करने की आज़ादी देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। आज़ादी से लेकर अब तक कांग्रेस ने किसानों के हित में क्यों नहीं सोचा? आखिर क्यों किसानों को अपनी फसल की कीमत तय करने का हक नहीं है?

Share:

Next Post

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी वॉइसबोट सुविधा देने वाली देश की पहली कंपनी

Sat Jan 30 , 2021
भोपाल। मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान एवं ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को निर्बाध गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति एवं बेहतर उपभोक्ता सेवाएँ प्रदान करने की दिशा में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने एक मिसाल कायम की है। देश की सभी शासकीय, निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की संस्थाओं में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी […]