भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कांग्रेस गांवों में लगाएगी चौपाल

  • किसानों के बीच फिर ले जाएगी कर्ज माफी का मुद्दा

भोपाल। मध्यप्रदेश में होने वाले 27 उपचुनाव को लेकर कांग्रेस हर मोर्चे पर पूरी तैयारी कर रही है। प्रदेश में किसान ही तय करते हैँ कि प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी। एक बार फिर गेंद किसानों के पाले में है। इन चुनावों के परिणाम बताएंगे कि किसानों का मन किसकी तरफ है। यही कारण है कि कांग्रेस एक बार फिर किसानों के बीच गांव-गांव तक पहुंचने वाली है। कांग्रेस मानती है कि 2018 में उसे सत्ता तक पहुंचाने वाले किसान ही थे। कर्ज माफी के वचन पर किसानों ने कांग्रेस का समर्थन किया और उसकी सरकार बनाई। उपचुनावों में एक बार फिर कांग्रेस गांवों में चौपाल लगाकर किसानों को कर्ज माफी की सच्चाई बताएगी। कांग्रेस किसानों को बताएगी कि भाजपा ने किस तरह साजिश कर सरकार गिराई जिससे वो सारे किसानों का कर्ज माफ नहीं कर पाई।

चौपाल में दिखाई जाएगी पेनड्राइव
गांवों में चौपाल लगाने का जिम्मा किसान कांग्रेस को सौंपा गया है। किसान कांग्रेस के कार्यकर्ता पेन ड्राइव लेकर जाएंगे और चौपाल में किसानों को दिखाएंगे कि अब तक कितने किसानों का कर्ज माफ किया गया है। इस पेन ड्राइव में उन सभी किसानों के नाम,पता व फोन नंबर हैँ जिनका कर्ज माफ हो चुका है। कार्यकर्ता किसानों से ये भी कहेंगे कि भाजपा उनके बारे में भ्रम फैला रही है कि कांग्रेस ने कर्ज माफी के नाम पर कुछ नहीं किया। किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुर्जर कहते हैं कि किसानों को सच्चाई बताकर भाजपा के झूठ को उजागर किया जाएगा। किसान एक बार फिर कांग्रेस का साथ देंगे और फिर से कांग्रेस की सरकार बनवाकर बाकी किसानों का कर्ज माफ करने का रास्ता साफ करेंगे।

Share:

Next Post

हिरण शिकार मामला: सलमान खान को जोधपुर अदालत में होना होगा पेश

Mon Sep 14 , 2020
जोधपुर। कांकाणी हिरण शिकार मामले में बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान को जोधपुर की अदालत में पेश होना होगा। राजस्थान की जोधपुर की जिला अदालत ने सलमान खान को 28 सितंबर को पेश होने को कहा है। इस मामले में सोमवार को जिला जज की ओर से आदेश जारी किया गय। सोमवार को हुई सुनवाई में […]