भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

कांग्रेस भ्रम फैलाने का प्रयास करेगी, जिसका हमें करारा जवाब देना होगा

  • वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा…

भोपाल। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उपचुनाव को प्रदेश का भविष्य तय करने वाला चुनाव बताते हुए गुरूवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि कांग्रेस इन चुनावों में भ्रम फैलाने का प्रयास करेगी, जिसका हमें करारा जवाब देना होगा।
विष्णुदत्त ने सुमावली की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ प्रदेश की सेवा करने वाले संवेदनशील मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं, तो दूसरी तरफ 15 महीने तक लगातार भ्रम फैलाने वाले नेता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में फिर झूठ के प्रपंच रचेगी, भ्रम फैलाएंगी, लेकिन हमें उनका करारा जवाब देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की ताकत ही उसके कार्यकर्ता है।
केन्द्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा कि 15 महीने बाद प्रदेश में आई भाजपा की सरकार चुनौतियों का बहुत अच्छे तरीके से सामना कर रही है। 50 लाख से अधिक प्रवासी मजदूरों को मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। मुरैना जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत 125 करोड़ की सड़कें बन रही हैं। इजराइल के सहयोग से जिले में हार्टीकल्चर सेंटर बन रहा है और चंबल एक्सप्रेस वे का काम जल्द शुरू होगा जो इस क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा।
नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को वोट ज्यादा मिले, लेकिन सीटें कुछ कम रह गईं। पार्टी ने तय किया कि कांग्रेस सरकार बनाए। हम सभी चाहते थे कि ये सरकार पूरे पांच साल चले, प्रदेश का विकास और जनता की सेवा करे। लेकिन इस सरकार ने जिस तरह के काम किए, उसे देखकर लगता है कि अगर ये सरकार पूरे पांच साल चलती, तो क्या होता। भाजपा का कार्यकर्ता होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कोरोना संकट के दौरान यह आह्वान किया था कि पार्टी के कार्यकर्ता 5 करोड़ लोगों को भोजन उपलब्ध कराएं। मुझे गर्व है कि हमारे कार्यकर्ताओं ने उम्मीदों से बढ़कर लोगों की मदद की और उनकी तकलीफों में साझीदार बने। मानव सेवा के इस अभियान में काम करते हुए हमारे कई कार्यकर्ता स्वयं संक्रमित हो गए।

Share:

Next Post

सिंधिया को सताने लगी अपने सिपहसालारों की चिंता

Fri Jul 10 , 2020
सांवेर में नैया पार लगाने के लिए लगा रहे भाजपा नेताओं को फोन भोपाल। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपने सबसे खास सिपहसालार मंत्री तुलसीराम सिलावट की चिंता सताने लग गई है। इससे ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि वे अब सीधे सांवेर से जुड़े सभी नेताओं को फोन लगा रहे हैं। बोल रहे […]