देश

यूपी भाजपा नेताओं के बीच कोरोना कहर, बड़े-बड़े नेता हो रहे संक्रमित

लखनऊ।  उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और राज्य के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह रविवार को कोरोना वायरस संक्रमित पाये गये। स्वतंत्र देव सिंह ने स्वयं ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ”मुझे कोरोना के शुरुआती लक्षण दिख रहे थे, जिसके चलते मैंने अपनी कोविड-19 की जांच कराई। मेरी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।” उन्होंने कहा, ”मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से निवेदन है कि वह दिशा-निर्देश के अनुसार स्वयं पृथक-वास में चले जाएं और आवश्यकता अनुसार अपनी जांच करा लें।” भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि डॉक्टर की सलाह पर वह गृह पृथक-वास में चले गए हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, ”कोरोना महामारी की विभीषिका के बीच जनसेवा में संलग्न भाजपा, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के संक्रमित होने की सूचना प्राप्त हुई।” उन्होंने कहा, ”कुशल चिकित्सकों की देख-रेख और आपके मजबूत आत्मबल से कोरोना शीघ्र ही परास्त होगा। प्रभु श्री राम से आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना है।”

इस बीच, उत्तर प्रदेश सरकार के एक और कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह (जलशक्ति मंत्री) कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। उन्हें एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया है। यह जानकारी प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने दी। सिंह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के लखनऊ दौरे के वक्त उनके साथ रहे थे। चौहान भी कोरोना संक्रमित पाये गये थे। चौहान मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल लालजी टंडन के अंतिम संस्कार में शामिल होने लखनऊ आये थे।

वहीं, संक्रमित होने के बाद अस्पताल में उपचार करा रहीं प्रदेश की प्राविधिक शिक्षा मंत्री कमल रानी वरूण का रविवार सुबह निधन हो गया। इससे पहले, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह, खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी, ग्राम्य विकास मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह, आयुष मंत्री धर्म सिंह सैनी और होमगार्ड मंत्री चेतन चौहान कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए थे।

Share:

Next Post

भाजपा की गलत नीतियों से न तो सीमाएं सुरक्षित हैं, न ही कारोबार : अखिलेश

Mon Aug 3 , 2020
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि कोरोना काल में न तो सीमाएं सुरक्षित हैं और न ही कारोबार या रोजगार। अर्थव्यवस्था में भारी गिरावट दर्ज है। बैंक डूब रहे हैं, जमा राशि पर ब्याज घटता जा रहा है। परेशान हाल लोग अपने पीएफ से पैसे निकालने […]