प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (Prayagraj, Uttar Pradesh) में पुलिस ने एक मकान के अंदर जमीन में दबाकर रखे गए ड्रमों से करोड़ों रुपये बरामद किए हैं। ड्रमों में नोटों की गड्डियां (Stacks of banknotes) भरी हुई थीं। बुधवार रात हुई कार्रवाई के दौरान देर रात तक करीब चार करोड़ रुपये की गिनती की जा चुकी थी। सूत्रों के अनुसार, बरामद रकम 60 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गिनती पूरी होने के बाद ही कुल राशि की पुष्टि हो सकेगी।
पुणे की फर्म से रुपये लाने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, बरईपुर रामनगर का संबंधित व्यक्ति कुछ साल पहले पुणे में एक फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह नोटबंदी के दौरान बोरियों में भरे रुपये लेकर वहां से फरार हो गया था। गांव लौटने के बाद उसने कई बीघा जमीन खरीदी और कथित तौर पर नोटों को ड्रमों में भरकर मकान के अंदर जमीन में दबा दिया।
बताया गया है कि कुछ दिन पहले पड़ोसी पट्टीदार से किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था। इसी दौरान जमीन में रुपये दबाकर रखने की जानकारी पुलिस तक पहुंची। इसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने बुधवार रात मकान में दबिश दी और खुदाई कराकर नकदी बरामद की।
गिनती पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी रकम
डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि बरईपुर रामनगर में एक व्यक्ति के मकान से करोड़ों रुपये मिले हैं। नकदी की गिनती पूरी होने के बाद ही कुल रकम स्पष्ट हो सकेगी। व्यक्ति को हिरासत में लेकर रुपये के स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
नकदी मिलने की खबर से जुटी भीड़
पुलिस द्वारा मकान की घेराबंदी किए जाने पर शुरुआत में आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। बाद में जमीन के नीचे से नोटों का जखीरा मिलने की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। क्षेत्र में नकदी बरामद होने की चर्चा तेजी से फैल गई।
पुलिस फिलहाल बरामद रकम की गिनती कराने के साथ ही नकदी के स्रोत और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved