
लंदन। ब्रिटेन (Britain) के सबसे अधिक खर्च करने वाले सरकारी विभाग डिपार्टमेंट फॉर वर्क एंड पेंशन (DWP) पर साइबर हमला (Cyber Attack) हुआ है। विभाग ने शनिवार को पुष्टि की कि पिछले कुछ दिनों से उसके सिस्टम को ऑफलाइन करने वाली घटना सामान्य तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया साइबर अटैक था। हमले के पीछे किसका हाथ है, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।
DWP ब्रिटेन के लाखों नागरिकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ और पेंशन उपलब्ध कराता है। इसमें सेवानिवृत्त कर्मचारी और आर्थिक सहायता पर निर्भर जरूरतमंद लोग शामिल हैं। ऐसे में विभाग के सिस्टम पर हुए हमले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
साइबर सुरक्षा एजेंसियों के साथ जांच में जुटा विभाग
विभाग ने बताया कि उसकी तकनीकी टीम और साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ हमले की लगातार जांच कर रहे हैं। इस घटना की तह तक पहुंचने के लिए नेशनल साइबर सिक्योरिटी सेंटर और गवर्नमेंट साइबर को-ऑर्डिनेशन सेंटर के साथ मिलकर काम किया जा रहा है।
इस साइबर घटना का पहली बार गुरुवार रात पता चला था। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर विभाग की कई सेवाओं को ऑफलाइन करना पड़ा। शनिवार तक भी इनमें से कुछ सेवाएं बंद थीं। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो कि किसी व्यक्ति की निजी जानकारी चोरी की गई है।
ब्रिटेन में साइबर हमलों की बढ़ती घटनाएं
DWP पर हुआ हमला ब्रिटेन में हाल के दिनों में सामने आई साइबर सुरक्षा संबंधी घटनाओं की कड़ी में एक और मामला है। हाल ही में देश के कई मीट सप्लायर्स ने शिकायत की थी कि उनके रेफ्रिजरेटर रातोंरात गर्म हो गए। बताया गया कि पूरे यूरोप के सुपरमार्केट में इस्तेमाल होने वाले सॉफ्टवेयर को हैकिंग का निशाना बनाया गया था, जिसके चलते यह समस्या सामने आई।
AI से साइबर हमलों का खतरा बढ़ने की चेतावनी
इसी महीने ब्रिटेन के साइबर सुरक्षा प्रमुख ने चेतावनी दी थी कि वर्ष 2028 तक देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे यानी क्रिटिकल इंफ्रास्ट्रक्चर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित साइबर हमले हो सकते हैं। साइबर अपराधी अपने हमलों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए AI तकनीक का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा रहे हैं।
DWP पर हुए ताजा हमले ने एक बार फिर सरकारी सेवाओं और महत्वपूर्ण डिजिटल सिस्टम की साइबर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल जांच एजेंसियां हमले के स्रोत, इसके तरीके और संभावित नुकसान का पता लगाने में जुटी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved