
नई दिल्ली। कांग्रेस (Congress) की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की भारतीय नागरिकता (Indian Citizenship) और मतदाता सूची (Electoral Roll) में उनके नाम दर्ज होने की समय-सीमा को लेकर उठे सवालों पर दिल्ली पुलिस ने अदालत में अपनी जांच की जानकारी दी है। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में दो रिपोर्ट दाखिल कीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोनिया गांधी का नाम वर्ष 1980 में मतदाता सूची में शामिल कर लिया गया था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता वर्ष 1983 में मिली थी।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) विनोद जोशी ने इस मामले में पुलिस से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी। अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है।
शिकायत इंद्रप्रस्थ एस्टेट से तुगलक रोड थाने भेजी गई
पुलिस की 27 नवंबर को दाखिल रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत में लगाए गए आरोप इंद्रप्रस्थ एस्टेट पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में नहीं आते थे। इस वजह से आवश्यक कार्रवाई के लिए शिकायत नई दिल्ली जिले में स्थानांतरित कर दी गई। बाद में इसे तुगलक रोड पुलिस थाने भेजा गया।
अदालत की ओर से मामले में अतिरिक्त जानकारी मांगे जाने पर थाना प्रभारी ने कार्रवाई का ब्योरा देते हुए दूसरी रिपोर्ट भी दाखिल की। इसमें बताया गया कि नई दिल्ली के जिला मजिस्ट्रेट को नोटिस भेजकर वर्ष 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी के नाम से संबंधित जानकारी मांगी गई थी।
दोनों वर्षों की वोटर लिस्ट में नाम होने की पुष्टि
पुलिस की दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक, जिला प्रशासन ने अपने जवाब में पुष्टि की कि वर्ष 1980 और 1983 की मतदाता सूचियों में सोनिया गांधी का नाम शामिल था। हालांकि, उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए भरे गए फॉर्म-6 और उससे जुड़े अन्य दस्तावेज अभी तक पुलिस को नहीं मिल सके हैं। पुलिस इन दस्तावेजों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
30 अप्रैल 1983 को जारी हुआ था नागरिकता प्रमाणपत्र
जांच के दौरान पुलिस ने गृह मंत्रालय के फॉरेनर्स डिवीजन को भी नोटिस भेजा। यह नोटिस नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद स्टेडियम से जुड़े पते पर भेजकर पूछा गया था कि सोनिया गांधी को किस तारीख को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि 30 अप्रैल 1983 को एंटोनिया माइनो उर्फ सोनिया गांधी के नाम से नागरिकता प्रमाणपत्र जारी किया गया था। पुलिस के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर इस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी भी सामने आ सकती है।
फिलहाल पुलिस मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से संबंधित दस्तावेज जुटाने में लगी है। अदालत में अब 14 दिसंबर को इस मामले की अगली सुनवाई होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved