देश राजनीति

रामपुर से चली Cycle journey से प्रदेश का बदलेगा राजनीतिक मौसम : Akhilesh

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा कि जब जब लाल टोपी पहने नौजवानों ने साइकिल चलाई है तब तब बदलाव हुआ है। वर्ष 2011 में जब लगातार साइकिल चली तो 2012 में उस समय की सरकार का सफाया हो गया। अभी साइकिल पर पैडल नहीं मारा गया और मौसम में बदलाव हो गया, तो जब मौसम बदला है तो रामपुर से चली साइकिल यात्रा से देश-प्रदेश का राजनीतिक मौसम भी जरूर बदलेगा। भाजपा की सरकार किसी सूरत में नहीं बचेगी, उसका जाना तय है।

आजम खां को झूठे मुकदमे में फंसाया, न्यायपालिक पर भरोसा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खां और उनके सहयोगी साथियों पर न जाने कितने झूठे मुकदमे लगे हैं। कहीं न कहीं प्रशासन ने उन्हें फंसाया है और सरकार के इशारों पर तमाम झूठे मुकदमे लगे हैं। हमें न्यायपालिक पर भरोसा है कि आजम खां और उनके परिवार को न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि आजम खां को इसलिए फंसाया गया है, क्योंकि उन्होंने जौहर विश्वविद्यालय जैसा शानदार शैक्षिक संस्थान बनाया ताकि आने वाली पीढ़ी का भविष्य बेहतर हो।

मुख्यमंत्री योगी प्रदेश को बदलना चाहते हैं तो पहले स्वयं को बदलें
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी प्रदेश को बदलना चाहते हैं तो पहले खुद को बदलें। उन्होंने कहा कि हमने आम जनता की सुरक्षा के लिए 100 नम्बर चालू किया, जो न्यूयार्क से बेहतर थी, लेकिन उन्होंने 112 कर दिया। समाजवादियों की गाड़ी, वही टायर, वही इंतजाम, ये कैसा बदलाव किया। सपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री के लाल टोपी पर की गई टिप्पणी पर कहा कि समाजवादियों को कहा गया कि ये लाल टोपी वाले गुंडे हैं। जबकि ये जो लाल टोपी वाले हैं, वह लोकतंत्र को बचाने वाले हैं। जो बिना बालों वाले हैं, वह लोकतंत्र को खत्म करने वाले हैं। यदि मुख्यमंत्री लाल टोपी लगा लें तो ज्यादा खूबसूरत दिखेंगे।

मुरादाबाद में लिफ्ट की लाइट साजिश के तहत बंद करने का आरोप
सपा अध्यक्ष ने कहा कि अब चुनाव में ज्यादा दिन नहीं बचे हैं। पंचायत चुनाव और पश्चिम बंगाल के चुनाव के बाद ही उत्तर प्रदेश में चुनाव की हलचल शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सपा को भाजपा की साजिशों से सावधान रहना होगा। पश्चिम बंगाल में जो हो रहा है वैसे ही हम आप पर भी हमले होंगे। उन्होंने कहा कि कल उनके साथ साजिश के तहत मुरादाबाद में पहले लिफ्ट की लाइट बंद कर दी गई ताकि वह निकल न सकें। वह पांच मिनट तक वह लिफ्ट में फंसे रहे।

उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में जो पत्रकार उल्टा हमले का आरोप लगा रहे हैं, वह भाजपा सरकार के इशारे पर हमलावर हुए। इस बात की जांच होनी चाहिए कि लिफ्ट की लाइट क्यों बंद हुई। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने की कोशिश की गई, क्योंकि उन्हें भी पता है कि जब भी सपा की हवा चलेगी तो वह मुरादाबाद से ही चलेगी।

सरकार के खिलाफ बोलने वाले को भेज दिया जाता है जेल
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में दुनिया में सबसे ज्यादा गिरावट भारत में आई है। यहां जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है, उसे जेल भेज दिया जाता है। पश्चिम बंगाल में भी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला हुआ। देश की सारी संस्थाएं उनके पीछे पड़ी हैं। चुनाव हराने के लिए हर हथकंडा अपना रही हैं, लेकिन जनता साथ है। बंगाल में फिर ममता बनर्जी की सरकार बनेगी। ममता जी के पैर पर इसलिए चोट लगी क्योंकि भाजपा जानती है कि पैर में चोट आ जाएगी तो ममता जी चुनाव प्रचार नहीं कर पाएंगी।

छोटे दलों से समझौता, बड़े दल से बात नहीं
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है। भाजपा है तो कांग्रेस है और कांग्रेस है तो भाजपा, इसलिए 2022 में छोटे दलों के साथ तो सपा चुनाव लड़ने का समझौता कर सकती है। लेकिन, किसी बड़े दल से कोई बात नहीं होगी। अखिलेश यादव ने स्वयं जौहर विश्वविद्यालय से प्रारम्भ साइकिल यात्रा का नेतृत्व किया। रामपुर से आज प्रारम्भ हुई साइकिल यात्रा का समापन 21 मार्च को लखनऊ में होगा। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

बिहार की तरह Bengal में भी महापरिवर्तन तय है: Sushil Modi

Sat Mar 13 , 2021
पटना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी (Sushil Modi) ने कहा कि पश्चिम (West Bengal) बंगाल सहित पांच राज्यों के चुनाव के लिए कांग्रेस ने तीन बडे राज्यों में ऐसे दलों से गठबंधन किया, जो धर्मनिरपेक्षता में नहीं, बल्कि एक धर्म-विशेष की राजनीति में खुलकर विश्वास करते हैं।बिहार की […]