खेल

रणजी ट्रॉफी फाइनल का दूसरा दिनः मुम्बई ने बनाए 374 रन, मप्र का स्कोर 123/1

बैंगलुरु। रणजी ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले (Ranji Trophy final matches) में गुरुवार को दूसरे दिन मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) ने शानदार खेल दिखाया है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक वे अभी भी मुंबई (Mumbai) से 251 रनों से पीछे हैं। मुंबई को पहली पारी में 374 के स्कोर पर रोकने के बाद मध्य प्रदेश ने एक विकेट के नुकसान पर 123 रन बना लिए हैं। दिन का खेल समाप्त होने तक मध्य प्रदेश के लिए यश दुबे (44*) और शुभम शर्मा (41*) क्रीज पर बने हुए हैं।

दूसरे दिन का खेल शुरु होते ही मुंबई को छठा झटका लग गया था। शम्स मुलानी 12 रनों के स्कोर पर आउट हुए थे। इसके बाद सरफराज और तनुश कोटियान (15) के बीच 40 रनों की साझेदारी हुई थी। पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर सरफराज ने लगातार पारी को आगे बढ़ाया और टीम के स्कोर को 300 के पार ले गए। 314 के स्कोर पर मुंबई को आठवां झटका लगा था।


पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 248/5 का स्कोर बनाने वाली मुंबई ने दूसरे दिन भी शानदार बल्लेबाजी की। टीम के लिए पहले दिन नाबाद 40 रन बनाने वाले सरफराज खान ने दूसरे दिन इस सीजन का अपना चौथा शतक पूरा किया। आखिरी तीन विकेट के लिए मुंबई ने 88 रन बनाए थे जिसमें से 14 रन ही सरफराज के दूसरे छोर वाले बल्लेबाजों ने बनाए थे।

मध्य प्रदेश के लिए गौरव यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 35.4 ओवर्स फेंकते हुए सबसे अधिक चार विकेट हासिल किए। अब तक लगातार शानदार प्रदर्शन करते आ रहे कुमार कार्तिकेय को 41 ओवर्स फेंकने के बावजूद केवल एक ही विकेट मिला। अनुभव अग्रवाल ने 29 ओवरों में तीन और सारांश जैन ने 20 ओवरों में दो विकेट हासिल किए। मध्य प्रदेश ने चार गेंदबाजों के दम पर ही पूरी पारी चलाई।

मध्य प्रदेश ने 47 के स्कोर पर अपना पहला विकेट हिमांशु मंत्री के रूप में खोया था। मंत्री को तुषार देशपांडे ने आउट किया। इसके बाद दुबे और शर्मा ने मध्य प्रदेश की पारी को संभाला। दुबे 131 गेंदों में नाबाद 44 और शर्मा 65 गेंदों में नाबाद 41 रन बना चुके हैं। आउट होने वाले बल्लेबाज मंत्री ने 50 गेंदों में ही 31 रन बना डाले।

Share:

Next Post

योग का विरोध क्यों?

Fri Jun 24 , 2022
– डॉ. वेदप्रताप वैदिक मालदीव की राजधानी माले में एक अजीब-सा हादसा हुआ। 21 जून को योग-दिवस मनाते हुए लोगों पर हमला हो गया। काफी तोड़फोड़ हो गई। कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया। मालदीव में यह योग-दिवस पहली बार नहीं मनाया गया था। 2015 से वहां बराबर योग-दिवस मनाया जाता है। उसमें विदेशी […]