- नए साल में 5-6 जनवरी को गिर सकता है मावठा
भोपाल। मध्यप्रदेश में दिसंबर महीना भले ही 10 साल में सबसे गर्म रहा, लेकिन नया साल ठंड लेकर आएगा। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में मौसम बदल जाएगा। इस दौरान मावठा गिरेगा। इसकी एंट्री जबलपुर से होगी। यह भोपाल के पास तक एक्टिव रह सकता है। ग्वालियर-चंबल में रात का पारा 5 डिग्री के नीचे, तो इंदौर और भोपाल में यह 9 डिग्री तक आ सकता है। मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि ईस्ट एमपी में पानी गिर सकता है। अगर स्ट्रांग सिस्टम बनता है, तो तापमान में तेजी से गिरावट होगी। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश में 5 और 6 जनवरी को बारिश के आसार हैं। जबलपुर, नर्मदापुरम और बैतूल और आसपास के इलाकों में दो दिन बारिश हो सकती है। ऐसे में प्रदेश में इसका असर ठंड के रूप में नजर आएगा। अधिकांश इलाकों में तापमान 10 डिग्री के नीचे आ सकता है। ग्वालियर, चंबल, बुंदेलखंड, बघेलखंड और महाकौशल में पारा 7 से नीचे जा सकता है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम में तापमान 9 डिग्री से नीचे आ सकता है।
आज से तापमान में होगी गिरावट
मध्यप्रदेश में आज से न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी। भोपाल में रात का तापमान 9 डिग्री तक आ सकता है, तो इंदौर में यह 12 डिग्री तक रह सकता है। अधिकांश इलाकों में रात का पारा 12 से कम रहेगा। तीन दिन तक तापमान में गिरावट रहेगी। उसके बाद तीन दिन तक न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। अगर पश्चिमी विक्षोभ बहुत स्ट्रांग होता है, तो ओले भी गिर सकते हैं। ऐसे में ठंड ज्यादा पड़ सकती है। कई इलाका में तापमान 4 डिग्री तक जा सकता है, लेकिन यह संभावना पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर करेगी। अभी तीन दिन भोपाल में 8-9 डिग्री तापमान आ जाएगा।
नॉर्थ इस्टरली विंड के कारण ठंड
नॉर्थ इस्टरली विंड के कारण ठंड बढ़ सकती है। नॉर्थ में बर्फबारी होती है, तो यह फिर स्ट्रांग हो जाने से तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। अभी उत्तर में बहुत ज्यादा बर्फबारी नहीं होने के कारण सिस्टम स्ट्रांग नहीं हो पा रहे। सिस्टम तो लगातार आ रहे हैं, लेकिन यह बहुत मजबूत नहीं है। इनकी ऊंचाई और फैलाव ज्यादा नहीं है। इसी कारण हिमालय में बर्फबारी नहीं होने के कारण वहां से आने वाली हवाएं शुष्क हैं। इनमें नमी नहीं होने से यह उत्तर के मैदानी इलाकों में तो ठंड ला रही हैं, लेकिन मध्यप्रदेश तक इसका असर नहीं पड़ रहा है। ग्वालियर-चंबल में ठंड है, लेकिन यहां भी बहुत ठंड नजर नहीं आ रही।
