देश राजनीति

दिल्ली कांग्रेस ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पास किया

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर जारी मंथन के बीच रविवार को कई नेताओं ने गांधी परिवार पर फिर विश्वास जताया है। उनका कहना है कि सोनिया गांधी के बाद राहुल गांधी ही कांग्रेस की कमान संभालें। इसी कड़ी में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है। इसको लेकर रविवार को एक बैठक के दौरान दिल्ली कांग्रेस ने राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव भी पास किया।

पार्टी ने रविवार रात जारी विज्ञप्ति में बताया कि राजीव भवन स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष चौ. अनिल कुमार के नेतृत्व में एक आपालकालीन बैठक बुलाई गई। बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, निगम पार्षद, ब्लाक अध्यक्ष, पूर्व निगम पार्षद सहित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक प्रस्ताव पास किया। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि कांग्रेस पार्टी को युवा नेतृत्व प्रदान करने के लिए राहुल गांधी को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जाए।

वहीं प्रस्ताव का प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के प्रस्ताव का मैं समर्थन करता हूं।

प्रस्ताव में कांग्रेस अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने कुशलतापूर्वक पार्टी का नेतृत्व किया और कठिन परिस्थितियों में पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे से कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक होनी है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

44 'वंदे भारत' ट्रेन की निविदा रद्द होने का कारण चीन की कंपनी नहीं : रेलवे

Mon Aug 24 , 2020
नई दिल्ली। रेलवे ने स्पष्ट किया कि 44 सेमी हाई स्पीड ‘वंदे भारत’ ट्रेन के निर्माण की निविदा को चीन की कंपनियों द्वारा इसमें शामिल होने के चलते रद्द नहीं किया गया बल्कि इसकी असल वजह निविदा की वित्तीय जानकारी लीक होना था। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष (सीआरबी) विनोद कुमार यादव ने वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन […]