
नई दिल्ली। भारत (India) के सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी (Army Chief General Upendra Dwivedi) को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर जारी है। कुछ पोस्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उन्हें पद से हटा दिया गया है। साथ ही कहा जा रहा है कि इसकी वजह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) से मतभेद हैं। हालांकि, जांच में ये सभी दावे झूठे साबित हुए हैं। जनरल द्विवेदी अब भी भारतीय सेना की कमान संभाल रहे हैं।
वायरल पोस्ट में क्या
@ProudIndianNa नाम के एक्स पोस्ट से सेना प्रमुख को लेकर दावा किया गया है। पोस्ट के अनुसार, ‘राजनाथ सिंह और भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बीच मतभेदों की खबरें हैं। राजनाथ सिंह ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी को पद से हटा दिया है और चार्ज सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को सौंपा गया है।’
क्या है सच्चाई
PIB यानी प्रेस इंफर्मेशन ब्यूरो के अनुसार, ‘सोशल मीडिया पोस्ट दावा कर रहे हैं कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनरल उपेंद्र द्विवेदी को सेना के प्रमुख के पद से हटा दिया है। ये दावे झूठे और निराधार हैं।’ आगे कहा गया है, ‘भारत सरकार की ओर से ऐसा कोई भी फैसला नहीं लिया गया है। जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भारतीय सेना की कमान 30 जून 2024 को संभाली थी और अब भी वह इस पद पर सेवाएं दे रहे हैं।’
कौन हैं जनरल उपेंद्र द्विवेदी
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 30 जून 24 को भारतीय सेना की कमान संभाली। इससे पहले वह फरवरी 24 से सेना उप-प्रमुख थे। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और तीन जी ओ सी-इन-सी प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जा चुका है। वह मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं और उन्होंने मध्यप्रदेश के रीवा में सैनिक स्कूल से पढ़ाई की है। उन्होंने जनवरी 1981 में नेशनल डिफेंस एकेडमी जॉइन की और 15 दिसंबर 1984 को जम्मू और कश्मीर राइफल्स की 18वीं बटालियन में कमीशन हुए थे। जिसकी कमान उन्होंने बाद में कश्मीर घाटी और राजस्थान के रेगिस्तान में संभाली।
उन्हें स्टाफ के अलग-अलग कामों का अनुभव है, जिनमें पंजाब के मैदानों में आर्मर्ड ब्रिगेड के पारंपरिक ऑपरेशनों को संभालना, उत्तरी सीमाओं पर उत्तर-पूर्व में माउंटेन डिवीजन को लॉजिस्टिक सहायता देना और रेगिस्तान में स्ट्राइक कोर के ऑपरेशनों को संभालना शामिल हैं। एकीकृत मुख्यालय में उन्होंने मिलिट्री सेक्रेटरी ब्रांच में अहम योगदान दिया और मिलिट्री ऑपरेशन्स निदेशालय में एक अनुभाग बनाने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में भी साथ आए नजर
8 मई, शुक्रवार को नई दिल्ली के मानेकशॉ सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस मौके पर सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved