रायसेन। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले (Raisen district) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां गाय का दूध (Cow’s milk) मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प (Dispute violent clash) में बदल गया। आरोप है कि दूध देने से इनकार करने पर गुस्साई महिला ने पड़ोसी किसान की उंगली दांतों से काट दी।
यह मामला सलामतपुर थाना क्षेत्र के बंसखेड़ा गांव का है, जो जिला मुख्यालय से करीब 26 किलोमीटर दूर स्थित है। बताया जा रहा है कि महिला पीड़ित किसान के घर दूध मांगने पहुंची थी, लेकिन मना किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
पुलिस के अनुसार, बहस के दौरान महिला ने अपना आपा खो दिया और कथित तौर पर किसान का हाथ पकड़कर उसकी एक अंगुली मुंह में दबाकर जोर से काट लिया। घटना में किसान घायल हो गया और उसकी उंगली से काफी खून बहने लगा।
घायल किसान ने तुरंत इलाज के लिए सांची सिविल अस्पताल पहुंचकर मेडिकल उपचार कराया, जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी
थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह विवाद पूरी तरह आपसी कहासुनी से शुरू हुआ था, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। मामले में आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved