भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

प्रभारी मंत्रियों की बाट जोह रहे हैं जिले

  • वादे के अनुसार जबलपुर एवं रीवा का प्रभारी स्वयं बने मुख्यमंत्री

भोपाल। पूर्व मंत्री और जबलपुर से भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नोई ने अब सीधे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधा है। विश्नोई ने मंत्रियों को जिलों के प्रभार अब तक नहीं दिए जाने पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है- प्रदेश के सभी जिलों में अनेक समस्याएं समाधान के लिए प्रभारी मंत्री की बाट जो रहे हैं। कैबिनेट विस्तार के बाद भी विश्नोई का दर्द सोशल मीडिया पर झलका था। लेकिन इस बार उन्होंने मुख्यमंत्री की कार्य प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार मंत्रियों और मैदानी अफसरों के साथ बैठक कर संदेश दे रहे हैं कि आम आदमी को किसी तरह की परेशानी नहीं होना चाहिए। दूसरी तरफ विश्नोई स्पष्ट सवाल उठा रहे हैं कि जिलों में समस्याएं हैं। विश्नोई ने आगे लिखा- चौथी बार मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर यह उपहार देने की कृपा करें और वायदे के अनुसार जबलपुर और रीवा का प्रभार स्वयं ग्रहण करें।

दूसरे कैबिनेट विस्तार के बाद से इंतजार
शिवराज कैबिनेट का दूसरा विस्तार 2 जुलाई 2020 में हुआ था। छह माह बीत जाने के बाद भी मुख्यमंत्री, मंत्रियों को जिलों का प्रभार नहीं दे पाए। शिवराज सिंह ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी, इसके एक माह बाद 5 मंत्रियों को 2-2 संभागों का प्रभार सौंपा था। पिछले माह 26-27 दिसंबर को बीजेपी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव भोपाल प्रवास पर थे, उस दौरान तय हुआ था कि कैबिनेट विस्तार के साथ ही मंत्रियों को जिलों के प्रभार सौंप दिए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसके बाद आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के मंथन के लिए सीएम ने बैठक की थी, तब भी कयास लगाए गए कि अब मंत्रियों के बीच जिलों का बंटवारा हो जाएगा, लेकिन आदेश अब तक जारी नहीं हुआ।

कांग्रेस ने कसा तंज
कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने विश्नोई की पीड़ा सामने आने पर सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने भी सोशल मीडिया पर लिखा है- ठीक कहा- जनता परेशान हो रही है। आज तक मंत्रियों को जिलों के प्रभार नहीं दे पाए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अपनी टीम नहीं बना पाए। पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान की 2016 की टीम से काम चला रहे हैं। निगम-मंडल के पता ही नहीं?

Share:

Next Post

कांग्रेस के दिग्गज नेता माधव सिंह सोलंकी का निधन

Sat Jan 9 , 2021
गांधीनगर/अहमदाबाद । कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री माधवसिंह सोलंकी का शनिवार को 94 साल की उम्र में निधन हो गया। वह नरसिम्हा राव सरकार में विदेश मंत्री भी रहे थे।गुजरात की राजनीति में उन्होंने क्षत्रिय, हरिजन, आदिवासी एवं मुस्लिमों को लेकर एक नई रणनीति बनाई, जो केएचएएम थ्योरी के नाम से […]