भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

नशा करने वालों को Congress में नहीं मिलेगी जगह

  • कांग्रेस का सदस्यता महाअभियान 1 नवंबर से
  • नए सदस्यों को 10 व्यक्तिगत वादे करने होंगे

भोपाल। देश की राजनीति में अपनी खोई साख को पाने की कोशिश में जुटी कांग्रेस (Congress) ने राजनीति में स्वच्छता लाने का काम शुरू किया है। पार्टी ने प्राथमिक सदस्यता के लिए नए नियम जारी किए हैं। इन नियमों के मुताबिक शराब पीने वालों को कांग्रेस (Congress) में प्राथमिक सदस्यता भी नहीं मिल सकेगी। नए नियम के मुताबिक, पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के लिए व्यक्ति को शराब और ड्रग्स (Alcohol and Drugs) से दूर रखने की घोषणा करनी होगी। इतना ही नहीं नए सदस्य सार्वजनिक रूप से पार्टी की नीतियों की भी आलोचना नहीं कर सकेंगे। नए सदस्यता अभियान से पहले तैयार किए गए फॉर्म के मुताबिक, नए सदस्यों को 10 व्यक्तिगत वादे करने होंगे। ये वादे सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रहे हैं।



कांग्रेस का सदस्यता महाअभियान 1 नवंबर से शुरू होगा। मध्यप्रदेश में इस महाअभियान की शुरुआत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ 1 नवंबर को सुबह 11 बजे करेंगे। यह अभियान 31 मार्च, 2022 तक चलाया जाएगा। पार्टी की कोशिश है की चरित्रवान लोग राजनीति में आएं। इसके लिए कांग्रेस ने नए सदस्यों के लिए नई गाइड लाइन बनाई है।

नहीं करेंगे पार्टी की आलोचना
सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी की ओर से नया मेंबरशिप फॉर्म जारी किया गया है। मेंबरशिप फॉर्म में कई बदलाव किए गए हैं। इसके तहत पार्टी द्वारा दस बिंदुओं का उल्लेख किया गया है, जिसमें एक शर्त यह भी है कि सदस्यता लेने वाले व्यक्ति को यह हलफनामा देना होगा कि वह पार्टी की नीतियों व निर्णयों की आलोचना सार्वजनिक तौर पर नहीं करेगा। इसके अलावा यह शर्त भी रखी गई है कि सदस्यता लेने वाला कोई भी व्यक्ति कानूनी सीमा से अधिक संपत्ति नहीं रखेगा। कांग्रेस के मेंबरशिप फॉर्म में साफ तौर पर लिखा है कि मैं धर्म निरपेक्षता, समाजवाद व लोकतंत्र के सिद्धांतों को बढ़ावा देने के लिए सदस्यता लेता हूं। मैं प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से, खुले तौर पर या किसी तरह से पार्टी मंचों के अलावा, पार्टी की स्वीकृत नीतियों व कार्यक्रमों आलोचना नहीं करूंगा। इसके अलावा कांग्रेस का सदस्य बनने के लिए किसी भी व्यक्ति को शराब और मादक पदार्थों (ड्रग्स) से दूरी बनाए रखने का संकल्प लेना होगा। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए फिजिकल एफर्ट और जमीनी मेहनत करने से नहीं हिचकिचाएंगे।

प्रदेशभर में एक साथ शुरू होगा अभियान
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि अभा कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी एक पत्र के हवाले से यह निर्णय लिया गया है कि अभा कांग्रेस द्वारा संगठनात्मक चुनाव कराए जाएंगे। इस संदर्भ में 1 नवंबर से 31 मार्च तक कांग्रेस पार्टी का सदस्यता महाअभियान चलाया जाए। उन्होंने कांग्रेस के सभी जिला अध्यक्ष, ब्लॉक अध्यक्ष, जिला के प्रभारी, विधायक, कार्यकारी अध्यक्ष, मोर्चा संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठ के अध्यक्षों से कहा है कि वे अपने क्षेत्र में उसी दिन दोपहर 12 बजे कांग्रेस के इस सदस्यता महाअभियान की व्यापक रूप से शुरुआत करें। उन्होंने कहा कि जिला, ब्लॉक, मतदान केन्द्र स्तर पर नौजवानों, महिलाओं, आदिवासी, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक व अन्य प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारी वर्ग, इंजीनियर, डॉक्टर्स, प्रोफेशनर्स सहित आम नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेस के इस सदस्यता महाअभियान में जोड़ते हुए उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाएं।

सदस्यता के लिए प्रमुख वचन

  • नए सदस्य सीलिंग कानून से अधिक प्रॉपर्टी नहीं रखेंगे।
  • पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
  • शारीरिक श्रम या काम करने में संकोच नहीं करेंगे।
  • शराब और ड्रग्स से दूर रहेंगे।
  • सार्वजनिक रूप से पार्टी की नीतियों की आलोचना नहीं करेंगे।
  • खादी पहनने का आदी होना होगा।
  • सामाजिक भेदभाव नहीं करना होगा।
  • भेदभाव मिटाने के लिए समाज में काम करूंगा।
Share:

Next Post

MP में मिलावटखोरों की मौज

Fri Oct 29 , 2021
यहां बिकने, खाने, पचाने के महीनों बाद आती है मिलावट की रिपोर्ट मिलावट की पुष्टि होने तक बिक जाती है अमानक खाद्य सामग्री! भोपाल। सरकारी व्यवस्था में उलझी खाद्य सामग्रियों की जांच प्रक्रिया से मिलावटखोरों की मौज है। वे बेखौफ मिलावटी-दूषित खाद्य सामग्री बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। शहर में कभी-कभार होने वाली खाद्य सुरक्षा […]