नई दिल्ली। यूपी के उपचुनाव (UP by-elections) और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और सपा में गठबंधन (Alliance between Congress and SP) नहीं हो सका। इधर महाराष्ट्र में भी सपा ने अपने प्रत्याशी उतार दिए। बावजूद इसके पार्टी अभी गठबंधन हो जाने की आशा में है। महाराष्ट्र के चुनाव में सपा को अब भी गठबंधन से जवाब का इंतजार है। जिन 10 सीटों पर सपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं, वहां नाम वापसी के लिए अंतिम तिथि 4 नवंबर है। अगर बात बनी तो सपा नेतृत्व कुछ प्रत्याशियों को मैदान से हटाने पर विचार कर सकती है।
पार्टी के महाराष्ट्र इकाई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रयास यही है कि अगर गठबंधन के तहत उन्हें 3-4 सीटें देने पर भी सहमति बनी तो शेष सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी वापस ले सकती है। अन्यथा की स्थिति में सपा इन सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। यूपी से भी वहां प्रचार वाहन भेजे जा सकते हैं। सपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अबु आसिम आजमी का कहना है कि वे गठबंधन के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। नाम वापसी का समय निकल जाने के बाद आगे की रणनीति तैयार होगी।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved