खेल

तुर्की दौरे पर गए भारतीय मुक्केबाजी दल के आठ सदस्य कोरोना पॉजिटिव

नई दिल्ली। तुर्की दौरे पर गए भारतीय मुक्केबाजी दल के आठ सदस्यों को कोविड-19 के लिए पॉजीटिव पाया गया है ओर उन्हें इस्तांबुल में क्वारंटाइन पर भेज दिया गया है। इनमें तीन मुक्केबाज भी शामिल हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता गौरव सोलंकी (57 किग्रा), प्रयाग चौहान (75 किग्रा) और बृजेश यादव (81 किग्रा) का एक सप्ताह पहले वायरस के लिए पॉजीटिव पाया गया था। इस कारण उन्हें प्रतियोगिता 19 मार्च को समाप्त होने के बावजूद इस्ताम्बुल में ही क्वारंटाइन पर रहना पड़ रहा है।

टीम सूत्रों के अनुसार कोच धर्मेन्द्र यादव और संतोष बीरमोल, फिजियो शिखा केडिया और डॉ. उमेश के अलावा वीडियो विश्लेषक नितिन कुमार को क्वारंटाइन पर भेजा गया है। भारतीय दल बोसफोरस टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए इस्ताम्बुल गया था। इस प्रतियोगिता में पुरुषों में एकमात्र पदक सोलंकी ने कांस्य पदक के रूप में जीता था। महिलाओं में निकहत जरीन (51) ने भी कांस्य पदक हासिल किया था। इस तरह से भारत ने प्रतियोगिता में दो पदक जीते थे।

इस दौरे पर जाने वाले अन्य पुरुष मुक्केबाजों में ललित प्रसाद (52 किग्रा), शिव थापा (63 किग्रा), दुर्योधन सिंह नेगी (69 किग्रा), नमन तंवर (91 किग्रा) और कृष्णन शर्मा (91 किग्रा से अधिक) शामिल थे। महिला वर्ग में ज़रीन, सोनिया लाथेर (57 किग्रा), परवीन (60 किग्रा), ज्योति ग्रेवाल (69 किग्रा) और पूजा सैनी (75 किग्रा) ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। जिनका टेस्ट पॉजीटिव पाया गया है उन्हें कम से कम एक सप्ताह अभी वहां रुकना होगा जिसके बाद उनका फिर कोविड-19 टेस्ट किया जाएगा।

Share:

Next Post

Samsung Galaxy S20 FE 5G स्‍मार्टफोन भारत में लॉन्च, जानें कीमत व फीचर्स

Wed Mar 31 , 2021
इलेक्‍ट्रानिक डिवाइस निर्माता कंपनी Samsung ने आज अपने फ्लैगशिप स्मार्टफोन Galaxy S20 FE के 5G वेरिएंट को शानदार फीचर्स के साथ भारत में लॉन्च कर दिया है। फोन Qualcomm Snapdragon 865 चिपसेट के साथ आएगा। इससे पहले Galaxy S20FE LTE वेरिएट की पिछले साल लॉन्च किया गया था। फोन को Samsung.com, Amazon.in और Samsung एक्सक्लूसिव […]