तेहरान। अमेरिका और ईरान (America and Iran) के बीच जारी तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की घरेलू राजनीतिक मुश्किलों को लेकर तेहरान ने तंज कसा है। ईरान का दावा है कि अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को नुकसान पहुंचने के बाद वाशिंगटन और शांति वार्ता में मध्यस्थता कर रहे देशों के बीच गतिविधियां ठप पड़ गई हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से मध्यस्थों की ओर से कोई पहल नहीं हुई है और शांति वार्ता को लेकर भी कोई बातचीत आगे नहीं बढ़ी है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को तेहरान और वाशिंगटन के बीच जारी शांति प्रयासों पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी चुनाव नतीजों के बाद परिस्थितियां बदल गई हैं। अमेरिका और मध्यस्थ देशों की ओर से बातचीत की दिशा में कोई सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है।
पाकिस्तान और कतर कर रहे मध्यस्थता की कोशिश
अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष रोकने के लिए पाकिस्तान और कतर सहित कई क्षेत्रीय देश लगातार मध्यस्थता के प्रयास कर रहे हैं। फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ शुरू किए गए सैन्य अभियान के बाद से इन देशों की कोशिश युद्धविराम कराने की रही है। हालांकि, अब तक इन प्रयासों को निर्णायक सफलता नहीं मिल सकी है।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी युद्ध को जल्द समाप्त करने की बात कही थी। लेकिन संघर्ष लंबा खिंचने और क्षेत्रीय तनाव बढ़ने से अमेरिका के सामने कूटनीतिक चुनौतियां बनी हुई हैं।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर तनाव बरकरार
अमेरिका और ईरान के बीच सीधे सैन्य टकराव में कमी आने के बावजूद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। ईरान की ओर से रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिशों के बीच वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ी हुई हैं। दूसरी ओर, अमेरिकी नौसेना ने ईरानी बंदरगाहों की घेराबंदी कर रखी है।
होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। ऐसे में यहां जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है। शांति वार्ता में आई कथित सुस्ती ने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक समाधान की संभावनाओं को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved