
रियाद। यमन (Yemen) के हूती विद्रोहियों (Houthi Rebels) ने सऊदी अरब (Saudi Arabia) के खिलाफ हमले तेज करने का दावा किया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, संगठन ने सऊदी अरब के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट (King Khalid International Airport) और सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको (Saudi Aramco) के तेल भंडारण केंद्रों को निशाना बनाया है। उन्होंने बताया कि अबकैक शहर में स्थित अरामको की एक फैसिलिटी पर दूसरी बार मिसाइल और ड्रोन से हमला किया गया।
इससे पहले हूतियों ने सऊदी राजधानी रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया था। इस हमले में अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, मिसाइल के मलबे के टुकड़े गिरने से कंपनी की प्रशासनिक इमारत को मामूली क्षति हुई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या मारे जाने की सूचना नहीं है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित अरामको टावर की कई मंजिलों की खिड़कियां टूट गईं। हमले से पहले रियाद में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं। इसके बाद सऊदी सिविल डिफेंस ने लोगों के लिए अलर्ट जारी किया। बाद में अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रण में होने और खतरा टलने की जानकारी दी।
सऊदी एयर डिफेंस ने कई मिसाइलें रोकीं
हूतियों के हमलों के बीच सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। इसके बाद राजधानी और देश के दक्षिणी हिस्से की ओर दागी गई दो क्रूज मिसाइलों को भी रोकने की जानकारी दी गई।
गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने इससे पहले बताया था कि पूर्वी प्रांत की दिशा में दागी गई एक अन्य बैलिस्टिक मिसाइल को भी इंटरसेप्ट कर लिया गया। लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों के दावों के बीच सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।
कतर ने हमलों की कड़ी निंदा की
सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों को लेकर कतर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कतर के विदेश मंत्रालय ने रियाद सहित सऊदी अरब के विभिन्न इलाकों को निशाना बनाए जाने की निंदा करते हुए इसे सऊदी संप्रभुता का उल्लंघन बताया।
मंत्रालय ने कहा कि इस तरह के हमले नागरिकों की सुरक्षा और उनके जीवन की अनदेखी करते हैं तथा अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन हैं। कतर ने नागरिक ठिकानों और आम लोगों को निशाना बनाने वाली कार्रवाई तत्काल रोकने की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved