नई दिल्ली। यमन (Yemen) में पिछले दो सप्ताह से फंसे 19 भारतीय नाविकों (Indian Sailors) को सुरक्षित निकाल लिया गया है। ये सभी नाविक होदेइदा और सना शहरों में फंसे हुए थे। यमन स्थित भारतीय दूतावास (Indian Embassy) ने रविवार को उनकी सुरक्षित निकासी की जानकारी दी। दूतावास के अनुसार, सभी भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं और उनकी स्वास्थ्य स्थिति भी ठीक है। अब वे भारत के लिए रवाना हो चुके हैं।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि नाविकों की सुरक्षित निकासी में कई लोगों और संबंधित पक्षों ने सहयोग किया। मिशन ने इस मानवीय प्रयास में मदद करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया है।
19 भारतीय नाविकों की सुरक्षित वापसी ऐसे समय हुई है, जब कुछ दिन पहले यमन के तट के पास एक यॉट में सवार 14 भारतीय नागरिकों को लेकर भी खबर सामने आई थी। उस समय भारतीय दूतावास ने स्पष्ट किया था कि यॉट में मौजूद सभी 14 भारतीय सुरक्षित हैं।
यमन के तट के पास यॉट में सवार थे 14 भारतीय
23 अक्टूबर को भारतीय दूतावास ने जानकारी दी थी कि होदेइदा के पास एक यॉट में सवार सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। दूतावास ने कहा था कि घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए वह संबंधित पक्षों के लगातार संपर्क में है।
इससे पहले कुछ अरब मीडिया संस्थानों ने यमन के हूती समूह के प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया था कि सऊदी अरब की सेना ने लाल सागर में यमन के तट के पास युकर द्वीप के नजदीक भारतीय यॉट को निशाना बनाया था। सरी के मुताबिक, यॉट में 14 भारतीय नागरिक सवार थे और हूती लड़ाके उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे थे।
The Embassy of India to Yemen has successfully evacuated 19 Indian seafarers who were stranded in Hodeidah and Sana’a (Yemen) for the past two weeks.
All seafarers are safe, in good health, and on their way back to India.
The Embassy sincerely thanks all concerned for their… pic.twitter.com/eUofTR0bWM— India in Yemen (@IndiaInYemen) November 8, 2026
सऊदी अरब और हूतियों के बीच फिर बढ़ा तनाव
भारतीय यॉट से जुड़ी घटना ऐसे वक्त हुई, जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ रहा है। हाल के दिनों में दोनों पक्षों की ओर से हमले और जवाबी कार्रवाई की गई है। सऊदी अरब ने हूतियों की तरफ से दागी गई मिसाइलों और ड्रोन को रोकने का दावा किया है, जबकि सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हवाई हमले किए हैं।
बढ़ते तनाव के कारण 2022 में हुए संघर्षविराम के बाद क्षेत्र में एक बार फिर बड़े टकराव की आशंका गहराने लगी है। हालिया हमलों का असर आम लोगों से जुड़ी सुविधाओं और ऊर्जा क्षेत्र के ठिकानों पर भी पड़ा है। इससे लाल सागर और बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य में समुद्री जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। फिलहाल, यमन में फंसे 19 भारतीय नाविकों की सुरक्षित निकासी से राहत मिली है और सभी स्वदेश लौट रहे हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved