
वॉशिंगटन। अमेरिका के सिएटल शहर (The American city of Seattle) में दिवाली उत्सव (Diwali Festival) के दौरान हिंदू विरोधी और नस्लभेदी प्रदर्शन (Racist demonstration) का मामला सामने आया है। कट्टर दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट जेक लैंग और उनके साथियों ने दिवाली कार्यक्रम में पहुंचकर ‘ईसाइयों की जगह हिंदुओं को लाना बंद करो’ और ‘सभी डॉटहेड्स को देश से बाहर करो’ जैसे नारे लिखे पोस्टर लहराए। इस घटना की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भारतीय-अमेरिकी समुदाय को बिना किसी डर और धमकी के अपने त्योहार मनाने का पूरा अधिकार है। ऐसे नफरत भरे प्रदर्शन की न तो सिएटल और न ही अमेरिका में कोई जगह है।
प्रमिला जयपाल ने एक्स पर जताई नाराजगी
वाशिंगटन राज्य के सातवें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की सदस्य प्रमिला जयपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदर्शन को नस्लभेदी और घटिया बताया। उन्होंने लिखा कि उन्हें इस तरह के प्रदर्शन से बेहद नफरत है। दिवाली एक महत्वपूर्ण त्योहार है और भारतीय-अमेरिकी समुदाय को इसे सुरक्षित माहौल में मनाने का अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नफरत फैलाने वाली ऐसी गतिविधियों को शहर और देश में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जेक लैंग और उनके कुछ साथी हिंदू विरोधी नारे लिखे पोस्टर लेकर दिवाली समारोह में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। उस समय कार्यक्रम में बच्चे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दे रहे थे और परिवारों के साथ लोग त्योहार मना रहे थे। प्रदर्शनकारियों के नारों का वहां मौजूद लोगों ने विरोध किया और उन्हें कार्यक्रम स्थल से बाहर जाने को कहा। वीडियो में कुछ लोग प्रदर्शनकारियों को धकेलकर बाहर करते भी नजर आ रहे हैं।
हालांकि, लैंग ने बाद में दावा किया कि कार्यक्रम में मौजूद लोगों, विशेषकर एंटीफा और हिंदू समुदाय के लोगों ने उन पर और उनके साथियों पर हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों के पोस्टर का विरोध करते हुए लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उनका झंडा तोड़ दिया। लैंग ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में हिंदुओं पर अमेरिकी राजनीति में डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थन करने का आरोप भी लगाया।
कार्यक्रम स्थल के बाहर मीडिया से बातचीत में लैंग ने अपने प्रदर्शन को संवैधानिक अधिकार बताया। उन्होंने कहा कि वे अमेरिका के संविधान के प्रथम संशोधन के तहत अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कुछ भारतीय और उदारवादी विचारधारा के लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने भी की निंदा
भारतीय-अमेरिकी कारोबारी अजय जैन भूतोरिया ने भी घटना की कड़ी आलोचना की। उन्होंने इसे नफरत और कट्टरता का उदाहरण बताते हुए कहा कि हिंदुओं और भारतीय मूल के प्रवासियों को निशाना बनाने वाली नस्लीय टिप्पणियों के लिए अमेरिका में कोई जगह नहीं होनी चाहिए।
भूतोरिया ने कहा कि शांतिपूर्ण दिवाली समारोह में घुसकर ‘सभी डॉटहेड्स को देश से बाहर करो’ और ‘ईसाइयों की जगह हिंदुओं को लाना बंद करो’ जैसे नारे लगाना बेहद आपत्तिजनक है। दिवाली रोशनी, परिवार और खुशियों का त्योहार है, न कि किसी को डराने या धमकाने का अवसर। उन्होंने नस्लवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े होने और सभी समुदायों को अपनी संस्कृति व परंपराओं का उत्सव मनाने की स्वतंत्रता देने की अपील की।
हिंदू संगठन ने जारी किया कम्युनिटी अलर्ट
कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) ने भी घटना को लेकर कम्युनिटी अलर्ट जारी किया है। संगठन ने सिएटल और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले हिंदू समुदाय के लोगों से दिवाली समारोहों के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
CoHNA के अनुसार, जेक लैंग और थॉमस एलन ने बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच हिंदू दिवाली समारोह में पहुंचकर आपत्तिजनक नारेबाजी की। संगठन ने बताया कि वहां मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों को कार्यक्रम स्थल से बाहर किया गया। CoHNA ने इसे हिंदू विरोधी कट्टरता का उदाहरण बताते हुए आशंका जताई कि ये कार्यकर्ता दूसरे दिवाली समारोहों को भी बाधित करने की योजना बना सकते हैं।
कौन है जेक लैंग?
जेक लैंग का नाम छह जनवरी 2021 को अमेरिकी कैपिटल पर हुए हमले के मामले में सामने आया था। इस मामले में उन्हें दोषी ठहराया गया था और उन्होंने करीब चार साल जेल में बिताए। जनवरी 2025 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल के पहले दिन कैपिटल हिंसा से जुड़े कई आरोपियों को माफी दी थी, जिनमें लैंग भी शामिल थे। लैंग को श्वेत राष्ट्रवादी विचारधारा से जुड़े समूहों और गतिविधियों से भी जोड़ा जाता रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved