बड़ी खबर भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र के विकास में सहभागिता के लिए सभी जुटें : शिवराज

– 28 नवंबर से चलेगा सबको आवास देने का अभियान
– लाल परेड ग्राउंड पर हुआ म.प्र. स्थापना दिवस का राज्य स्तरीय समारोह
– अद्भुत और आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का नागरिकों ने लिया आनंद

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने कहा कि विकास के विभिन्न क्षेत्र (different areas of development) में उपलब्धियाँ अर्जित करते हुए मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) बदल रहा है। इसमें जन सहयोग बहुत आवश्यक है। उन्होंने जन- सहभागिता का महत्व (importance of public participation) बताते हुए 6 प्रमुख क्षेत्रों (6 key areas) में प्रदेशवासियों से सहयोग भी मांगा।

भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में मंगलवार शाम को आयोजित मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेशवासियों से पौध-रोपण, पर्यावरण-संरक्षण, नशामुक्ति, बिजली बचाने, जल संरक्षण और बेटियों के सम्मान के लिये विशेष सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि 28 नवंबर से सबको आवास देने का अभियान चलाया जाएगा। विभाजन के समय आए लोगों और अन्य ऐसे व्यक्तियों जिनके अपने मकान नहीं हैं, उन्हें इस महाअभियान में प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान से बड़ी संख्या में पात्र लोगों को जोड़ कर योजनाओं का लाभ देने के लिए चिन्हित किया गया है। अभियान में पात्र व्यक्तियों को विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इंदौर को निरंतर छठवीं बार देश भर में स्वच्छता क्षेत्र में नम्बर एक पर आने, भोपाल को स्वच्छतम राजधानी का खिताब मिलने और ओवर ऑल रैंकिंग में मध्यप्रदेश के देश में नम्बर एक पर आने पर बधाई और शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है। एक जमाना था जब मध्यप्रदेश डाकुओं के लिए जाना जाता था। डाकुओं पर फिल्में बनती थी। हमने सकंल्प लिया था कि मध्यप्रदेश को शांति का टापू बनाएंगे। प्रदेश में डाकू रहेंगे या हमारी सरकार रहेगी। दोनों साथ नहीं रह सकते। पुलिस ने कमाल का कार्य किया है। मध्यप्रदेश में आतंक का साया था। सिमी के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। एक जमाना था जब नक्सली हावी हो गए थे। उस नेटवर्क को भी हमने ध्वस्त किया।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की पहचान बिना सड़कों वाले राज्य की थी। आज तीन लाख किलोमीटर शानदार सड़कें बन गई हैं। मध्यप्रदेश पहले लालटेन का प्रदेश कहा जाता था। अब 24 घंटे बिजली देने वाला प्रदेश है। मध्यप्रदेश के खेत सूखे और कंठ प्यासे थे। साढ़े सात लाख हेक्टर में सिंचाई क्षमता थी जिसे बढ़ा कर 45 लाख हेक्टर कर लिया गया है। वर्ष 2026 तक सिंचाई क्षमता 65 लाख हेक्टेयर हो जाएगी। मध्यप्रदेश कुआँ और बावड़ी का पानी पीता था। अब 54 लाख घरों में सीधे नल कनेक्शन दिए गए हैं। सवा करोड़ घरों तक नल से जल पहुँचाने का अभियान चलाया जा रहा है। नई क्रांति की शुरूआत मध्यप्रदेश में की गई है। जब तक बालिकाओं की संख्या बालकों के समान नहीं हो जाएगी, चैन से नहीं बैठना है। प्रदेश में पहले एक हजार बालकों पर 912 बालिकाएँ जन्म लेती थी। अब यह संख्या 976 हो गई है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश की ग्रोथ 19.74 प्रतिशत है, जो देश में सर्वाधिक है। प्रति व्यक्ति आय 13 हजार से बढ़ कर एक लाख 37 हजार हो गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि निवेश आए इसके लिए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट ही नहीं, प्रवासी भारतीय सम्मेलन भी होगा। लगभग 100 देशों के प्रतिनिधि उपस्थित होंगे। मध्यप्रदेश के इंदौर में बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय शामिल होंगे। खेलो इंडिया गेम्स भी मध्यप्रदेश में होंगे। शासकीय पदों पर बड़ी संख्या में नई भर्तियाँ की जाएंगी। रोजगार दिवस पर 2 लाख स्व-रोजगार के अवसर उपलबध कराए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि आगामी 28 नवम्बर से नागरिकों को रहने के लिए जमीन का टुकड़ा देने का अभियान शुरू हो जाएगा। बालिकाओं की उच्च शिक्षा की फीस राज्य सरकार भरवाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रदेश का कोई बच्चा अनाथ नहीं रहेगा। मख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में नि:शुल्क शिक्षा दी जाएगी। मुख्यमंत्री खेत सड़क योजना में खेतों तक सड़क ले जाने का कार्य करेंगे। नशा विनाश की जड़ है। नशा नहीं करें। गाँव को नशा मुक्त करें और स्वयं भी नशे से दूर रहे। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नशा न करने का संकल्प भी दिलाया। नशा न रहे संकल्प लेने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में ‘मध्यप्रदेश उत्सव’ का दीप प्रज्ज्वलन एवं माँ भारती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएँ दी।

उन्होंने कहा कि बेटियों पर गलत नजर रखने और सम्मान को आँच पहुँचाने वालों को फाँसी के फंदे पर लटकाया जाएगा। बेटियों को बचाएंगे, बेटियों का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई में मध्यप्रदेश को नम्बर एक बनाने के लिए कार्य करें, नागरिक कर्त्तव्यों का पालन करें तो देश में मध्यप्रदेश सबसे अच्छा राज्य रहेगा। मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश को नम्बर एक बनाने का संकलप भी दिलाया।

मप्र स्थापना दिवस समारोह में शंकर-एहसान-लॉय बैंड की प्रस्तुति पर झूमे श्रोता

मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर लाल परेड मैदान पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सुप्रसिद्ध तीन संगीतकारों शंकर महादेवन, एहसान नूरानी और लॉय मेंडोंसा समूह द्वारा बैंड ने प्रस्तुति दी। इसके साथ ही जानी मानी कोरियोग्राफर मैत्रेयी पहाड़ी का साथी कलाकारों के साथ नृत्य नाटिका “शिव महात्म्य” का लाइव कार्यक्रम देखने का अवसर राजधानी के नागरिकों को मिला। समारोह में 400 कलाकारों ने शिव महिमा की प्रस्तुति दी। इसके बाद प्रसिद्ध संगीत निर्देशक की जोड़ी शंकर-एहसान-लॉय बैंड ने समा बांध दिया। शंकर महादेवन के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिव तांडव स्त्रोत की साथ में प्रस्तुति दी। शंकर-एहसान-लॉय के गीतों पर श्रोता जमकर झूमे।

राष्ट्रगान की तरह मप्र गान को मिलेगा सम्मानः मुख्यमंत्री
समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि आज से हम राष्ट्रगान की तर्ज पर मध्यप्रदेश गान को खड़े होकर सम्मान देने की परंपरा शुरू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज से जब भी मप्र गान होगा, हम सभी खड़े होकर सम्मान देंगे। सभी लोग इसका संकल्प लें।

प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि आज का दिन सपनों, संकल्पों और अपनी निष्ठाओं के सर्वस्व समर्पण का दिन है। हम सब सौभाग्यशाली है कि प्रदेश को मुख्यमंत्री चौहान का सरल, सहज और सक्रिय नेतृत्व मिला है। मुख्यमंत्री चौहान के मार्गदर्शन में देश का हृदय प्रदेश “मध्यप्रदेश” विभिन्न विधाओं में देश के राज्यों में अग्रिम पंक्ति पर है। सभी को मुख्यमंत्री चौहान के साथ यह संकल्प लेना चाहिए कि हम प्रदेश को विकास के क्षेत्र में देश और दुनिया की सबसे अग्रिम पंक्ति में ले जाएंगे। मंत्री ठाकुर ने कवि कृष्ण सरल की पंक्तियाँ सुना कर युवा शक्ति का आहवान किया।

प्रमुख सचिव संस्कृति शिव शेखर शुक्ला ने स्थापना दिवस समारोह के कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि प्रदेश का 67वाँ स्थापना दिवस समारोह शैव भक्ति एवं ज्ञान आधारित रहा है। शून्य से शिव, शिव से कालातीत श्री महाकाल की कथा नृत्य, संगीत और 3डी तकनीकी संयोजन के साथ प्रस्तुत की गई। साथ ही सुविख्यात शंकर-एहसान-लॉय बैंड की गीत-संगीत की सुरमई प्रस्तुति संयोजित की गई।

समारोह में सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, वीडी शर्मा, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, कृष्णा गौर, मुख्यमंत्री चौहान की धर्मपत्नी साधना सिंह, विधायक विष्णु खत्री, पूर्व मंत्री रामपाल सिंह, तीर्थ मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष माखन सिंह, भोपाल महापौर मालती राय, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक सुधीर कुमार सक्सेना और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। केन्दीय मंत्री और राज्य मंत्री-मंडल के सदस्य समारोह से वर्चुअली जुड़े। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

लश्कर के तीन आतंकी गिरफ्तार, 10 किलो आईईडी और दो ग्रेनेड बरामद

Wed Nov 2 , 2022
श्रीनगर। श्रीनगर पुलिस (Srinagar Police) ने मंगलवार को तीन आतंकियों को गिरफ्तार (Three terrorists arrested) किया है। इनके कब्जे से 10 किलो आईईडी और दो ग्रेनेड बरामद (10 kg IED and two grenades recovered) किए हैं। पुलिस तीनों से आगे की पूछताछ कर रही है। मंगलवार को पुलिस को अपने गुप्त सूत्रों से श्रीनगर के […]