विदेश

‘सब लोग चिल्ला रहे थे, इधर-उधर भाग…’, मॉस्को में हुए आतंकी हमले के दौरान मौजूद लोगों ने बताई आपबीती

मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान हुए आतंकवादी हमले से हर कोई स्तब्ध है। घटना के वक्त मौजूद लोग डरे-सहमे हुए हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कॉन्सर्ट शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही गोलीबारी हुई।

यह आतंकवादी हमला
घटनास्थल पर मौजूद एलेक्सी ने कहा, ‘जैसे ही गोलीबारी शुरू हुई मुझे एहसास हुआ कि यह आतंकवादी हमला हो सकता है।’

अंधाधुंध गोलीबारी फिर…
वहीं, एक पत्रकार ने दावा किया कि हमलावर सुरक्षा बलों की वर्दी में क्रोकस सिटी हॉल में प्रवेश किया और अंधाधुंध गोलीबारी की। आतंकियों ने विस्फोटक से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई।

कॉन्सर्ट हॉल की छत से काला धुआं उठता देखा
हमले के कुछ घंटे बाद घटनास्थल पर मौजूद एक अन्य पत्रकार ने बताया की कॉन्सर्ट हॉल की छत से काला धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। वहीं, कुछ रिपोर्ट में बताया गया है कि धमाके की वजह से छत का हिस्सा ढह गया था।

लोगों में भगगड़ मची
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया, ‘अचानक से हमारे पीछे से धमाके और गोलीबारी की आवाज आने लगी। मुझे नहीं पता था कि क्या हुआ है। गोलीबारी की आवाज आते ही लोगों में भगगड़ मच गई। सभी लोग दौड़कर एस्केलेटर की ओर भागे। हर कोई चिल्ला रहा था, हर कोई दौड़ रहा था।’


यह है पूरा मामला
मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। आतंकियों ने विस्फोटक से हॉल में धमाका भी किया, जिससे वहां आग लग गई। हमले के बाद विशेष पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया है। वहीं, आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने हमले की जिम्मेदारी ली है। आईएस ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है। हमले में 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

रूसी विदेश मंत्रालय ने बताया आतंकी हमला
रूस ने गोलीबारी की घटना को आतंकवादी हमला करार दिया है। रूसी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता मारिया ज़खारोवा ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह एक आतंकवादी हमला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस घृणित अपराध की निंदा करनी चाहिए। मॉस्को के मेयर ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हमले के बाद मॉस्को में होने वाले सभी सार्वजनिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं। रूसी एजेंसियों ने मॉस्को में हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने मॉस्को में हुए आतंकी हमले को भयानक बताया। हालांकि उन्होंने कहा कि इस हमले का यूक्रेन युद्ध से संबंधि होने का तत्काल कोई संकेत नहीं है।

Share:

Next Post

मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की PM मोदी ने की निंदा, बोले- भारत इस दुख की घड़ी में रूस के साथ

Sat Mar 23 , 2024
नई दिल्ली। रूस की राजधानी मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में कॉन्सर्ट के दौरान आतंकवादी हमला हुआ। आतंकवादियों ने लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में करीबन 60 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हुए हैं। गोलीबारी के बाद हॉल में धमाका भी हुआ, जिससे वहां आग […]