देश राजनीति

झूठे दावों के बल पर अपने दिन काट रही हैं भाजपा की राज्य-केन्द्र सरकार: अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकारें केन्द्र की हों या राज्य की झूठे दावों के बल पर ही अपने दिन काट रही हैं। अपनी गलत नीतियों के चलते उन्होंने देश का भारी नुकसान किया है। लेकिन, उसके लिए उन्हें न तो संकोच है और नहीं अफसोस है।

अखिलेश ने कहा कि कोरोना संकट की आड़ में भाजपा ने देश की बिगड़ती स्थितियों को छुपाने का काम चतुराई से किया है। शीर्ष नेतृत्व से लेकर दूसरे भाजपा नेता यही दावा करते रहते हैं कि तमाम दिक्कतों के बावजूद देश की अर्थव्यवस्था में सुधार के लक्षण हैं। भाजपा के इन दावों की पोल खुद स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया (एसबीआई) के एक शोध और क्रेडिट रेटिंग एजेन्सी इक्रा की रिपोर्ट से खुल गई है। बताया गया है कि जून में खुदरा महंगाई दर 6.98 फीसदी रही है। अभी महंगाई और बढ़ने के आसार हैं। जनता की जेब खाली है। जिन्दगी के दिन और संकटमय होंगे।

उन्होंने कहा कि एसबीआई की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उपभोक्ता वस्तुओं के दामों में और वृद्धि होगी। इससे जनसामान्य का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित होना है। अभी भी खाद्य वस्तुओं के अलावा सब्जियों के दाम काफी बढ़े हुए हैं। डीजल के दामों में हालिया वृद्धि से परिवहन महंगा हुआ है उससे भी सामान ढुलाई के दाम बढ़ने से बाजार पर बुरा असर पड़ा है। बैंको में फंसे कर्ज की हालत सुधरने के आसार नहीं, उनका एनपीए बढ़ने की ही पूरी सम्भावना बताई जा रही है।

उन्होंने कहा कि इसमें दो राय नहीं कि कोरोना की महामारी के चलते लागू लाॅकडाउन ने देश के जनजीवन को ही नहीं आर्थिक जगत में भी उथलपुथल मचा दी है। इसके चलते सभी राज्यों में नौकरियां जा रही हैं। खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है। गृह निर्माण, ऑटो मोबाइल, सर्राफा क्षेत्रों पर बुरा असर पड़ा है। ट्रेन, बस, हवाई सेवाओं पर भी कोरोना से उत्पन्न आपात स्थिति का असर साफ दिखाई पड़ रहा है। सरकारों का राजकोषीय घाटा भी बढ़ रहा है। इससे विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा की नीतियों ने देश की प्रगति को अवरुद्ध कर दिया है और अनिश्चितता तथा असुरक्षा की भयावह स्थिति पैदा कर दी है। (एजेन्सी, हि.स.)

Share:

Next Post

टोक्यो ओलंपिक में अपनी पूरी क्षमता से खेले तो पदक पक्का : श्रीजेश

Sat Jul 18 , 2020
नई दिल्ली। अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश का मानना ​​है कि 2021 भारतीय हॉकी के लिए सबसे बड़ा साल होने जा रहा है और यदि टीम टोक्यो ओलंपिक में अपनी पूरी क्षमता से खेली तो पदक जीत सकती है। भारतीय टीम ने अपने पहले हॉकी प्रो लीग अभियान के दौरान इस साल के शुरू में ओलंपिक […]