
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश में सोयाबीन फसल पर भावांतर राशि देने की घोषणा कर दी है। इंदौर जिले के किसान आज सुबह से मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने के लिए गांव-गांव से ट्रैक्टर लेकर इंदौर के दशहरा मैदान पर एकत्रित होने के लिए निकल चुके हैं। दोपहर में रैली निकालकर मुख्यमंत्री का आभार जताएंगे।
सोयाबीन के मंडियों में कम मिल रहे दामों को लेकर किसान लगातार नाराजगी दर्ज करा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोयाबीन के भावांतर राशि की घोषणा की है। जिन किसानों को मंडी में सोयाबीन के दाम कम मिल रहे हैं, उन्हें बैंक खातों के माध्यम से समर्थन मूल्य 5328 रुपए प्रति क्विंटल की डिफरेंट राशि भावांतर के रूप में पहुंचा दी जाएगी। भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रवि रावलिया ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा से किसानों में हर्ष है। वह मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने के लिए आज दशहरा मैदान पर एकत्रित हो रहे हैं। यहां से ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है। सांवेर, देपालपुर, महू, हातोद, गौतमपुरा आदि कई आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के किसान सुबह से ही ट्रैक्टर लेकर इंदौर की ओर निकल चुके हैं, जो 12 बजे तक इंदौर के दशहरा मैदान पहुंचेंगे और यहां से ट्रैक्टर रैली की शुरुआत की जाएगी, जो केसरबाग रोड होते हुए पुन: दशहरा मैदान पहुंचेगी। तकरीबन एक हजार ट्रैक्टर के आने की संभावना किसानों द्वारा बताई जा रही है।
कुछ का विरोध भी… भावांतर नहीं समर्थन मूल्य पर हो खरीदी
किसानों के कुछ संगठन भावांतर की जगह समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू करने की बात कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में समर्थन मूल्य पर खरीदी हो रही है तो मध्य प्रदेश में भी समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होना चाहिए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved