
न्यूयॉर्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) का समापन स्पेन (Spain) की ऐतिहासिक जीत (Epic Win) के साथ हुआ है. न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर 16 साल बाद दूसरी बार विश्व चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया।
मैच का इकलौता गोल सब्स्टीट्यूट फेरान टोरेस ने 106वें मिनट में दागा. फाइनल के बाद सबसे ज्यादा नजरें उन खिलाड़ियों पर रहीं जिन्हें पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए व्यक्तिगत पुरस्कार मिले।
इस बार स्पेन ने सिर्फ ट्रॉफी ही नहीं जीती, बल्कि व्यक्तिगत अवॉर्ड्स पर भी अपना दबदबा कायम रखा. टीम के कप्तान और मिडफील्ड के मास्टर रोड्री को पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया और उन्हें गोल्डन बॉल से सम्मानित किया गया।
रोड्री ने स्पेन के सभी आठ मुकाबलों में खेलते हुए टीम के मिडफील्ड को शानदार तरीके से नियंत्रित किया और रिकॉर्ड 648 सफल पास पूरे किए।
वहीं, फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर कीलियन एम्बाप्पे भले ही अपनी टीम को चैम्पियन नहीं बना सके, लेकिन उन्होंने 10 गोल दागकर गोल्डन बूट अपने नाम किया. इसके साथ ही वह लगातार दूसरी बार विश्व कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने।
स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया. उन्होंने पूरे विश्व कप में सात क्लीन शीट रखीं और कई महत्वपूर्ण मौकों पर टीम को गोल खाने से बचाया. उन्हें गोल्डन ग्लव से सम्मानित किया गया।
सिर्फ 19 साल के स्पेनिश डिफेंडर पाउ कुबार्सी ने अपने दमदार प्रदर्शन से दुनिया का ध्यान खींचा. शानदार डिफेंस के लिए उन्हें बेस्ट यंग प्लेयर का पुरस्कार मिला।
FIFA वर्ल्ड कप 2026 के प्रमुख अवॉर्ड विजेता
विश्व विजेता: स्पेन
उपविजेता: अर्जेंटीना
तीसरा स्थान: इंग्लैंड
गोल्डन बूट (सर्वाधिक गोल): कीलियन एम्बाप्पे (फ्रांस) – 10 गोल
गोल्डन बॉल (सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी): रोड्री (स्पेन)
गोल्डन ग्लव (सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर): उनाई सिमोन (स्पेन)
बेस्ट यंग प्लेयर: पाउ कुबार्सी (स्पेन)
सिल्वर बॉल: लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना)
ब्रॉन्ज बॉल: कीलियन एम्बाप्पे (फ्रांस)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved