
लखनऊ। यूपी के सबसे ताकतवर सियासी परिवारों में से एक मुलायम परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है। वह महज 38 साल के थे। उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था। जानकारी के मुताबिक, वह तड़के करीब सुबह चार बजे घर के किचेन में अचेत अवस्था में मिले थे।
जिस समय प्रतीक को मृत अवस्था में हॉस्पिटल लाया गया, उस समय उनकी पत्नी अपर्णा यादव लखनऊ में मौजूद नहीं थीं। अपर्णा यादव, पति के निधन की सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए निकली हैं। दरअसल अपर्णा यादव सबसे पहले गुजरात के सोमनाथ गई थीं। इसके बाद वह असम गईं और फिर असम से दिल्ली होते हुए लखनऊ वापस लौट रही हैं। उनकी कनेक्टिंग फ्लाइट है।
प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसमें मौत की वजह साफ हो पाएगी। केजीएमयू में 4 डॉक्टरों की टीम प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम करेगी। पोस्टमार्टम के दौरान वीडियोग्राफी भी की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव को लंग्स में कुछ परेशानी चल रही थी, जिसका वह मेदांता से इलाज करवा रहे थे। लंबे समय से उनके लंग्स में क्लॉट था। सूत्रों के मुताबिक ये भी खबर है कि प्रतीक यादव का 3-4 साल से डिप्रेशन का इलाज चल रहा था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved