
सारिका राय, जबलपुर। बॉलीवुड के नामचीन हस्तियों में शुमार म्यूजिक डायरेक्टर साजिद वाजिद, गायक सोनू निगम, हास्य कलाकार कपिल शर्मा जैसे बड़े कलाकारों के साथ काम करने वाले शहर के संगीतकार सुनील बारी अब जबलपुर में आधुनिक म्यूजिक स्टूडियो खोलने का सपना पाल रहे हैं। इसी सिलसिले में अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बीच जबलपुर आकर यहां पर म्यूजिक स्टूडियो की बुनियाद के पहले तमाम इंतजाम पर बारिकी से नजर बनाए हुए हैं।
इंडिपेंडेंट म्यूजिक ग्रुप शुरू किया
लंबे अनुभव के बाद अब संगीतकार सुनील बारी ने इंडिपेंडेंट म्यूजिक ग्रुप शुरू किया। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से वे नए और उभरते युवाओं को मौका देंगे। नए सिंगर्स, म्यूजिशियन और कंपोज़र्स को लॉन्च करेंगे। डिजिटल और यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर नया कंटेंट तैयार करेंगे। यूट्यूब और डिजिटल म्यूजिक के बढ़ते दौर को देखते हुए वे अपने प्लेटफॉर्म को एक नए आयाम तक पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
संस्कारधानी में स्टूडियो खोलने की तैयारी
सुनील बारी की खास योजना अब अपने गृह नगर जबलपुर के लिए है। उन्होंने बताया कि भविष्य में वे यहां एक आधुनिक म्यूजिक स्टूडियो खोलना चाहते हैं, ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को मुंबई जाने से पहले ही प्रोफेशनल प्रशिक्षण और अवसर मिल सकें। युवाओं को मैसेज देते हुए सुनील बारी ने बताया कि सपने छोटे या बड़े नहीं होते, उन्हें पूरा करने का जुनून बड़ा होना चाहिए। अगर लगन और मेहनत हो तो छोटे शहर से निकलकर भी बड़ी पहचान बनाई जा सकती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved