विदेश

अमेरिका में गोलीबारी, सिनसिनाटी में 18 घायल, चार की मौत


सिनसिनाटी । अमेरिका के सिनसिनाटी में रविवार को तीन अलग-अलग जगहों पर गोलीबारी में 18 लोग घायल हो गए जबकि चार की मौत हो गई। सहायक पुलिस प्रमुख पॉल न्यूडीगेट ने बताया कि शहर के ओवर-द-रिने इलाके में गोलीबारी की एक घटना में 10 लोगों को गोली लगी है जिनमें दो लोगों के मारे जाने की आशंका है। वहीं, शहर के वॉलनट हिल्स इलाके में हैरियट बीचर स्टोई हाउस के पास भी गोलीबारी की घटना हुई। इसमें 3 लोगों पर हमला किया गया।

इनके अलावा एवांडेल इलाके में चार लोगों को गोली मारी गई है। यहां पुलिस को आशंका है कि दो लोगों की मौत हुई है। किसी भी मामले में किसी संदिग्ध की गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्थानीय मीडिया का कहना है कि ये तीनों गोलीबारी की घटनाएं एक से डेढ़ घंटे के अंदर हुई हैं। सहायक पुलिस प्रमुख पॉल न्यूडीगेट ने कहा, ‘सिनसिनाटी में एक बेहद हिंसक रात। लग रहा है करीब 17 पीडि़त हैं जिनमें से 4 की मौत की आशंका है। ऐसा क्यों हुआ, यह सवाल है। यह बेहद भयावह है।’

वहीं अमेरिका के उत्तरी फिलाडेल्फिया में युवाओं के समूह में हुई गोलीबारी में पांच लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि वीकेंड के मौके पर एक ही स्थान पर 200 से अधिक युवा जमा थे और इसी दौरान गोलीबारी की घटना हुई। घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। अभी हाल ही में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी की घटना हुई थी। इस घटना के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कोरोना वायरस पर चल रहे एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

बीच में ही अमेरिकी गुप्तचर सेवा के एजेंटों द्वारा राष्ट्रपति ट्रंप को सुरक्षित स्थान पर ले जाना पड़ा था। यह घटना दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी थी। हालांकि घटना के कुछ देर बाद ही ट्रंप संवाददाता सम्मेलन में लौट आए थे और कहा था कि सब नियंत्रण में है। यही नहीं वाशिंगटन डीसी में एक आउटडोर पार्टी में विवाद के बाद हुई गोलीबारी में एक शख्‍स की मौत हो गई थी जबकि 20 अन्य लोग घोयल हो गए थे।

Share:

Next Post

मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया

Mon Aug 17 , 2020
नई दिल्ली । मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के दो जिलों में छिटपुट स्थानों पर सोमवार को अत्यधिक भारी बारिश होने का ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, वहीं ओडिशा और तेलंगाना में रविवार को बारिश से जुड़ी घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गयी। हालांकि राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में लोग […]