देश राजनीति

पांच महीने से वेतन नहीं मिलने से भुखमरी के कगार पर निगमकर्मी : मुकेश गोयल

नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली नगर निगम में कांग्रेस दल के नेता और वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल ने कहा है कि निगम कर्मियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। वेतन नहीं मिलने से कर्मचारी भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। उन्होंने इस संबंध में निगम आयुक्त, महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष को पत्र लिखकर मांग की है कि कर्मचारियों का वेतन तुरंत जारी किया जाए।

मुकेश गोयल ने कहा कि हमने निगम आयुक्त, महापौर और स्थायी समिति अध्यक्ष को पत्र लिखकर कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति से अवगत कराया है। कर्मचारियों के सामने अपना परिवार चलाने और बच्चों के पालन-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। कर्मचारियों को अप्रैल महीने से वेतन नहीं दिया गया है जबकि अब अगस्त का महीना भी खत्म हो गया है।

उन्होंने अपने पत्र में लिखा है कि केवल वर्तमान कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि सेवानिवृत हो चुके कर्मचारियों को उनकी पेंशन का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट ने उत्तरी निगम के करीब 12 हजार सेवानिवृत कर्मचारियों को पांच महीनों में से एक महीने की पेंशन तुरंत जारी करने का आदेश दिया था। बाकी पेंशन के लिए रिपोर्ट देने के लिए कहा गया था, लेकिन नगर निगम ने एक महीने की पेंशन भी जारी नहीं की है।

कांग्रेस दल के नेता गोयल ने कहा कि वेतन नहीं मिलने की वजह से निगम कर्मचारियों की आर्थिक हालत बेहद चिंताजनक हो गई है। कर्मचारियों में भारी नाराजगी है, जिसके चलते वह कभी भी आंदोलन पर जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी विपरीत स्थिति आने से पहले इन कर्मचारियों का वेतन तुरंत जारी किया जाना चाहिए। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

किसान भरोसे देश की अर्थव्‍यवस्‍था, केवल कृषि क्षेत्र में रहा पॉजिटिव ग्रोथ

Tue Sep 1 , 2020
– कृषि क्षेत्र में जून तिमाही में 3.4 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज -पहली तिमाही में जीडीपी का मूल्‍य 26.90 लाख करोड़ रुपये नई दिल्‍ली। कोविड-19 की महामारी की वजह से देश और दुनिया की अर्थव्‍यवस्‍था के हालात बहुत खराब हैं। दुनिया की पाचवीं सबसे बड़ी भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के सकल घरेलू उत्‍पाद […]