
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने ईरान (Iran) पर होने वाले एक बड़े सैन्य हमले (Military Attacks) को फिलहाल रोक दिया है। यह हमला मंगलवार को प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में खाड़ी देशों के सहयोगी नेताओं की अपील के बाद इसे टाल दिया गया।
सोमवार को सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में ट्रंप ने खुद इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच गंभीर बातचीत चल रही है, इसलिए मंगलवार को तय सैन्य कार्रवाई को फिलहाल रोकने का फैसला लिया गया है। इससे पहले उन्होंने ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर किसी समझौते पर सहमति नहीं बनी तो कमजोर पड़ चुके युद्धविराम के बाद हालात फिर से गंभीर हो सकते हैं।
हमले को लेकर सेना को दिए गए निर्देश
रिपोर्ट के अनुसार, इस संभावित हमले की पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन ट्रंप ने अमेरिकी सेना को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि अगर ईरान के साथ कोई स्वीकार्य समझौता नहीं होता, तो तुरंत और पूरी ताकत के साथ सैन्य कार्रवाई के लिए तैयार रहा जाए। इससे संकेत मिलता है कि अमेरिका की ओर से बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही थी।
अचानक हमला क्यों टाला गया?
पहले किसी को भी 19 मई (मंगलवार) को होने वाले इस संभावित हमले की जानकारी नहीं थी। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि मध्य पूर्व के सहयोगी देशों की अपील के बाद यह कदम उठाया गया है। इनमें कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के नेता शामिल बताए गए हैं, जिन्होंने तनाव कम करने की अपील की थी।
पहले दी गई कड़ी चेतावनी
हमले को रोकने से पहले सप्ताहांत में ट्रंप ने ईरान को बेहद सख्त चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि ईरान के पास समय बहुत कम बचा है और उसे जल्द कोई निर्णय लेना होगा, वरना गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि अप्रैल के मध्य में हुआ युद्धविराम किसी भी समय टूट सकता है और हालात फिर से युद्ध जैसे बन सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved