
उज्जैन। वर्षों से माधवनगर रेलवे स्टेशन के पास की जमीन पर अतिक्रमण था और उसे हटाने के लिए केस चल रहा था। सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद आज सुबह 4 बजे से माधवनगर रेलवे स्टेशन के बाहर बुलडोजर चलने लगे तथा दुकान और धर्मस्थलों का हटाया गया।
सिंहस्थ के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया
रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण से मुक्त कराई गई जमीन के उपयोग की योजना भी तैयार कर ली है। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए इस जमीन पर होल्डिंग एरिया विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों और श्रद्धालुओं को नियंत्रित तरीके से रोकने और आगे रवाना करने की व्यवस्था की जा सकेगी। इससे रेलवे स्टेशन पर एक साथ पहुंचने वाली भीड़ को संभालने में मदद मिलेगी।
सुप्रीम कोर्ट में वर्षों तक चला मामला, पक्ष में आया फैसला
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि माधव नगर रेलवे स्टेशन के समीप जिस 15 हजार वर्गफीट जमीन से अतिक्रमण हटाया गया है, वह रेलवे की है। इस जमीन पर वर्षों पहले कुछ लोगों ने धार्मिक और अन्य अवैध निर्माण कर कब्जा कर लिया था। अतिक्रमण करने वाले लोगों ने इस मामले को लेकर न्यायालय की शरण ली थी। इसके बाद मामला वर्षों तक न्यायालय में विचाराधीन रहा। हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने रेलवे के पक्ष में फैसला सुनाया। इसी फैसले के अनुसार शनिवार को रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई कर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया और अपने कब्जे में ले लिया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved