
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (SP) के गढ़ मैनपुरी में पहुंचकर विपक्ष पर करारा हमला बोला है. करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए सीएम योगी ने जनता से कहा कि उन्हें उन लोगों से सावधान रहना होगा जो प्रदेश को एक बार फिर से ‘कालरात्रि’ (अंधकार के युग) में धकेलने की साजिश रच रहे हैं.
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष की राजनीति पर प्रहार किया. उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा, ‘मैं आप सबसे अपील करूंगा कि चुनाव के समय ‘वो’ लोग आएंगे और फिर से उस कालरात्रि की ओर आपको ले जाने का प्रयास करेंगे. ये वही लोग हैं जिन्होंने आपके सामने पहचान का संकट खड़ा किया था. ये लोग आपको जाति और क्षेत्र के नाम पर बांटेंगे.’ योगी ने कहा कि बांटने वाले ऐसे लोग किसी के हितैषी नहीं हो सकते, बल्कि ये समाज और देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं.
सीएम योगी ने बिना नाम लिए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कार्यशैली और दिनचर्या को लेकर जोरदार तंज कसा. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश के विकास के लिए कोई विजन नहीं था. उन्होंने कहा, ‘जो व्यक्ति 12 बजे सो कर उठेगा, 2 बजे तक तैयार होगा, 5 बजे जिम जाएगा और 7 बजे के बाद अपनी महफिल सजा देगा… ऐसे व्यक्ति से आप क्या उम्मीद करेंगे?’
योगी ने कहा कि ऐसे लोगों का तो भगवान ही मालिक है. ना इन्हें जनता से मिलना है, ना कोई संवाद करना है और ना ही विकास का कोई विजन है. सिर्फ लूटकर अपने परिवार का खजाना भरना है. यही रवैया यूपी की दुर्गति का सबसे बड़ा कारण था.
समाजवादी पार्टी पर ‘परिवारवाद’ का आरोप लगाते हुए योगी ने कहा कि पहले की सरकार में महापुरुषों का अपमान होता था. “हम सरदार पटेल, अहिल्याबाई होल्कर और बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर संस्थान बना रहे हैं, जबकि सपा सरकार ने कन्नौज में बाबा साहेब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम हटा दिया था. उन्हें सिर्फ इस बात से मतलब है कि सब कुछ उनके परिवार में ही रहे.”
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए सीएम ने मंच से हुंकार भरी कि आज प्रदेश में न कोई कर्फ्यू है और न ही कोई दंगा है, आज “यूपी में सब चंगा है.” उन्होंने बताया कि कैसे पहले सरकारी नौकरियों में वसूली होती थी, लेकिन आज मैनपुरी और प्रदेश भर के नौजवान बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के सीना तानकर सरकारी नौकरी पा रहे हैं और प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved