इंदौर न्यूज़ (Indore News)

ठगी के पैसों से खरीदा लाखों का सोना, लॉकर सील

  • मकान, फ्लैट और 6 महंगी कारें भी खरीदी थीं मोटिवेशनल स्पीकर ने

इंदौर। निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी के मामले में क्राइम ब्रांच ने मोटिवेशनल स्पीकर निरंजन प्रधान निवासी महू को गिरफ्तार किया है। उसने ठगी के रुपए से लाखों का सोना खरीदा था और लॉकर में रखा था। पुलिस ने लॉकर को सील कर दिया है। वहीं उसके पास से छह कारें जब्त की गई हैं। उसके द्वारा ठगी के पैसों से मकान और फ्लैट खरीदने की जानकारी भी मिली है।

आमतौर पर लोकायुक्त पुलिस जब भ्रष्ट अफसरों के यहां छापे मारती है तो मकान, जमीन और सोने के रूप में खरीदी उनकी करोड़ों की प्रॉपर्टी उजागर होती है, लेकिन अब ठगों की भी करोड़ों की प्रॉपर्टी उजागर हुई है। कुछ दिन पहले क्राइम ब्रांच ने मोटिवेशनल स्पीकर निरंजन प्रधान को बंगाल की महिला लक्ष्मी की रिपोर्ट पर गिरफ्तार किया था। उसने निवेश के नाम पर महिला से लाखों की ठगी की थी। इसके बाद दो दर्जन से अधिक शिकायतें क्राइम ब्रांच के पास पहुंची हैं। डीसीपी क्राइम निमिष अग्रवाल ने बताया कि अब तक की पूछताछ में आरोपी से कई जानकारियां मिली हैं। उसके यहां से मिले दस्तावेज से एक दर्जन बैंक खातों का पता चला है, जिनकी जानकारी बैंकों से ली जा रही है। वहीं उसने पूछताछ में बताया कि ठगी के पैसों से लाखों का सोना खरीदा और लॉकर में रखा है। इसके बाद पुलिस ने लॉकर को सील कर दिया है। इसके अलावा उसने ठगी के पैसों से छह कारें भी खरीदी हैं। ये कारें भी पुलिस ने जब्त कर ली हैं। इसके अलावा उसके यहां से मिले दस्तावेजों से पता चला है कि उसने ठगी के पैसों से मकान और फ्लैट भी खरीदा है, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।


हर व्यक्ति से 5 से 10 लाख की ठगी
अब तक पुलिस के पास जो शिकायतें पहुंची हैं, उनसे पता चला है कि उसने अधिक प्रॉफिट का लालच देकर सभी लोगों को 5 से 10 लाख का चूना लगाया, जिसके चलते यह आंकड़ा करोड़ों में होने की संभावना है। दूसरे राज्यों के भी कई लोग ठगी का शिकार हुए हैं, जो ऑनलाइन शिकायतें भेज रहे हैं।

Share:

Next Post

35 डॉग बाइट हॉटस्पॉट चिन्हित, मूसाखेड़ी में सर्वाधिक केस

Fri Mar 15 , 2024
निगम ने जारी किए डॉग फिडर कार्ड, रेबीज फ्री सिटी के लिए सिक्स पाइंट प्लान भी बनाया, जन भागीदारी से आवारा श्वानों पर नियंत्रण का दावा भी इंदौर। डॉग बाइट यानी आवारा श्वानों द्वारा काटे जाने की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। हालांकि नगर निगम नसबंदी से लेकर रेबिज फ्री सिटी पर काम कर […]