img-fluid

इंदौर: 300 करोड़ के प्रोजेक्ट जनहित में बनाकर देना पड़े ठेके पर

November 23, 2026

  • रीजनल पार्क के साथ गांधी हॉल भी हो गया बदहाल

इंदौर। प्राधिकरण और नगर निगम ने करोड़ों रुपए की राशि जनहित के नाम पर बर्बाद की है, जिसका कोई लाभ जनता को नहीं मिला और इनका संचालन-संधारण उल्टा महंगा साबित हुआ। नतीजतन इन प्रोजेक्टों को ठेके पर देना पड़ रहा है। जोर-शोर से प्राधिकरण पर काबिज राजनीतिक बोर्ड ने रीजनल पार्क, शहीद पार्क से लेकर ऑडिटोरियम, दो बस टर्मिनल और सीनियर सिटीजन कॉम्प्लेक्स जैसे प्रोजेक्टों पर 300 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च कर डाली। अब ये सारे प्रोजेक्ट गले की हड्डी बन गए, जिन्हें ठेके पर देने में भी पसीने छूट रहे हैं। अंतरर्राष्ट्रीय स्विमिंग पूल भी प्राधिकरण ने ठेके पर दे रखा है और इसी तरह नगर निगम को हस्तांतरित प्रोजेक्ट भी बदहाली का शिकार हो गए। रीजनल पार्क, गांधी हॉल सहित गोपाल मंदिर में घोषित सरकारी गीता भवन को भी ठेके पर दिया जा रहा है।

एक और विसंगति गोपाल मंदिर में बनाए ऑडिटोरियम में मिली, जिसमें 550 सीटों की क्षमता का ऑडिटोरियम लाइब्रेरी और अन्य सुविधाएं तो विकसित कर दीं, मगर एक साइकिल खड़ी करने की जगह भी पार्किंग की उपलब्ध नहीं है। इसके चलते जो एजेंसी इसका संचालन-संधारण करेगी उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती पार्किंग की है, जिसके चलते अब स्मार्ट सिटी के अधिकारी पार्किंग स्थल ढूंढने में लगे हैं। इसी तरह नगर निगम ने 50 करोड़ के रीजनल पार्क और उसके पहले मेघदूत उपवन को भी बर्बाद कर डाला और अब रीजनल पार्क को भी ठेके पर देने की कवायद पिछले 3 सालों से कागजों पर ही चल रही है। गांधी हॉल भी जीर्णोद्धार के बाद फिर बर्बाद हो गया। कुछ समय पहले उज्जैन की एक निजी फर्म इसे ठेके पर लेने को तैयार थी, मगर निगम के जनप्रतिनिधियों ने इसका विरोध किया, नतीजतन यह शहर की एतिहासिक इमारत भी रख-रखाव के अभाव में लावारिस ही पड़ी है।


  • दूसरी तरफ इंदौर विकास प्राधिकरण, जिसके पास नगर निगम की तुलना में पर्याप्त धन राशि विकास कार्यों पर खर्च करने के लिए है, मगर उसमें भी करोड़ों रुपए फिजूल के प्रोजेक्टों पर खर्च किए हैं। जब भी प्राधिकरण में राजनीतिक बोर्ड काबिज होता है तब नेताओं ने इस तरह के प्रोजेक्टों पर पानी की तरह पैसा बहाया, जो कुछ ही वर्षों में बदहाली का शिकार हो गए। शहीद पार्क भी इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जो सालों से लावारिस पड़ा है, उसे अब ठेके पर देने की कवायद की जा रही है। दूसरी तरफ 150 करोड़ रुपए की राशि खर्च कर प्राधिकरण ने मुंडड़ा नायता और एमआर-10 कुमेड़ी पर दो आईएसबीटी यानी बस टर्मिनल बनाए और इनका संचालन-संधारण भी खुद नहीं कर पाया। नायता मुंडला का एआईसीटीएसएल को सौंपा उसने भी एक निजी फर्म को दे डाला।

    उसी तरह प्राधिकरण ने कुमेड़ी के विशाल बस टर्मिनल को ठेके पर दे दिया मगर अभी तक बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। सीनियर सिटीजन कॉम्प्लेक्स की हो गई, जो सालभर भी नहीं चल पाया और ठेकेदार ने भी हाथ खड़े कर दिए। अब उसे फिर से ठेके पर देने की प्रक्रिया चल रही है, जहां पर सीनियर सिटीजन के अलावा कामकाजी महिलाओं को भी होस्टल की तरह रखा जा सकेगा। इसी तरह लता मंगेश्कर ऑडिटोरियम को भी प्राधिकरण जैसे-तेसे संचालित करता रहा, अब उसे भी ठेके पर दिया जा रहा है। यानी 300 करोड़ रुपए से ज्यादा के विगत वर्षों में तैयार हुए जनहित के नाम पर ये सारे प्रोजेक्ट संचालन-संधारण के लिए मोहताज हो गए और मजबूरी में इन्हें निजी ठेकेदार फर्मों के हवाले करना पड़ा।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved