
नई दिल्ली। ऑनलाइन निवेश (online investment) और ट्रेडिंग (Trading) करने वालों के लिए सरकार ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। तेजी से बढ़ रहे फर्जी ट्रेडिंग ऐप स्कैम में साइबर ठग (cyber thug) ऐसे मोबाइल ऐप तैयार कर रहे हैं, जो असली प्लेटफॉर्म जैसे दिखते हैं। लोग इन्हें डाउनलोड कर लेते हैं और शुरुआती “मुनाफे” के झांसे में आकर बड़ी रकम निवेश कर देते हैं, लेकिन बाद में उनका पैसा फंस जाता है और निकालना मुश्किल हो जाता है।
सरकार ने कहा है कि इस तरह के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और लोगों को निवेश से पहले पूरी जांच करनी चाहिए। ये ऐप शुरुआत में यूजर्स को छोटे निवेश पर अच्छा रिटर्न दिखाते हैं, जिससे भरोसा बनता है। इसके बाद बड़ी रकम लगवाकर ठग पैसे गायब कर देते हैं।
साइबर ठग पहले WhatsApp, Telegram या सोशल मीडिया के जरिए संपर्क करते हैं। इसके बाद वे एक ऐप डाउनलोड करने को कहते हैं। शुरुआत में नकली मुनाफा दिखाया जाता है और फिर बड़ी रकम निवेश करवाकर पैसे फंसा दिए जाते हैं।
सरकार ने इस तरह की ठगी से बचने के लिए तीन अहम टिप्स बताए हैं:
1. पैसे भेजने से पहले अकाउंट और UPI ID जरूर जांचें
कभी भी बिना जांच किए पैसे ट्रांसफर न करें। ठग अलग-अलग नाम से बैंक अकाउंट या UPI ID बनाकर पैसे मंगवाते हैं। नाम किसी कंपनी या एक्सपर्ट जैसा लग सकता है, लेकिन भरोसा करने से पहले जांच जरूरी है।
2. ऐप डाउनलोड करने से पहले सत्यापन करें
कोई भी निवेश ऐप डाउनलोड करने से पहले ये बातें जरूर जांचें:
ऐप केवल Google Play Store या Apple App Store से ही डाउनलोड करें
रिव्यू और रेटिंग देखें
डेवलपर की जानकारी चेक करें
कम रिव्यू या संदिग्ध जानकारी वाले ऐप से दूर रहें
3. ठगी का शक हो तो तुरंत शिकायत करें
अगर आपको लगे कि आपके साथ धोखाधड़ी हो रही है, तो तुरंत कार्रवाई करें:
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें
साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें
अपने बैंक को तुरंत सूचित करें
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved