
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार का बजट सत्र 24 मार्च से प्रस्तावित है. इसे देखते हुए दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पढ़ा रहे गेस्ट टीचर्स ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नाम एक पत्र लिखा है. पत्र में गेस्ट टीचर्स ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा है कि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन गेस्ट टीचर्स की सैलरी पिछले 8 सालों से नहीं बढ़ी है. तो वहीं पिछले 15 सालों से दिल्ली के सरकारी स्कूलों की लाइफ लाइन बने गेस्ट टीचर्स दिहाड़ी मजदूर की तरह काम करने को मजबूर हैं, उन्हें आए दिन किसी ना किसी ना कारण से नौकरी से निकाला जा रहा है. इस बात को रेखांकित करते हुए दिल्ली के गेस्ट टीचर्स के संगठनों ने हरियाणा की तर्ज पर दिल्ली के गेस्ट टीचर्स की सैलरी बढ़ाने की मांग की है.
आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है? जानते हैं कि गेस्ट टीचर्स के किस संगठन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर क्या मांग की है? इस पूरे मामले को विस्तार से समझते हैं.
ऑल इंडिया गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन ने गेस्ट टीचर्स के मुद्दे पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा है. एसोसिएशन ने कहा है किदिल्ली के सरकारी स्कूलों मे कार्यरत 16000 से ज्यादा गेस्ट टीचर्स की सैलरी बीते 8 साल से नही बढ़ी है. महंगाई दिन ब दिन बढ़ती जा रही है. गेस्ट टीचर्स को शिक्षा निदेशालय में कार्य करते हुए लगभग 15 साल हो चुके हैं, लेकिन आज भी दिहाड़ी मज़दूर बने हुए है. गेस्ट टीचर्स का भविष्य अंधकार में है. अभी तक कोई जॉब सिक्योरिटी नही है.
ऑल इंडिया गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण डेढ़ा ने कहा कि शिक्षा निदेशालय के गेस्ट टीचर्स को छोड़कर दिल्ली के अन्य विभागों और शिक्षा विभाग में कार्य करने वाले हर और प्रकार के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी की सैलरी फिक्स है. तो वहीं उनकी सैलरी लगभग हर साल बढ़ती है. साथ ही उनको 12 महीने की सैलरी दी जाती है और एक CL भी दी जाती है. तो सभी को PF और मेडिकल सुविधा दी जाती है. उन्होंने कहा कि इसके उलट गेस्ट टीचर्स को ना तो फिक्स सैलरी दी जाती है और ना 8 साल से सैलरी बढ़ी है. ना कोई मेडिकल बेनिफिट दिया जाता है. यूं कहें की सिर्फ दिहाड़ी मदूरी के अलावा कोई सुविधा नही दी जा रही है. एसोसिएशन ने कहा है कि एक शिक्षक के तौर पर सम्मान तक नही मिल रहा है. यहां तक कि स्कूलों में कार्यरत स्वीपर साहित दूसरे 4th क्लास कर्मचारियों तक की सैलरी फिक्स है, जो समय-समय पर बढ़ती रहती है.
ऑल इंडिया गेस्ट टीचर्स एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर हरियाणा की तर्ज पर सैलरी और सुविधा देने की मांग की है. एसोसिएशन के महासचिव शोएब राणा ने कहा कि पत्र लिखकर हमने गेस्ट टीचर्स को जल्द से जल्द नियमित करने या जॉब सिक्योरिटी पॉलिसी बनाकर भविष्य सुरक्षित करने की मांग की है. इसके साथ ही गेस्ट टीचर्स की सैलरी मे बढ़ोत्तरी कर सैलरी फिक्स करने, महीने मे 1 CL का प्रावधान करने, PF और मेडिकल सुविधा था अन्य सुविधाओं का प्रावधान करने की मांंग की है. शोएब ने कहा है कि हरियाणा सरकार गेस्ट टीचर्स को समान कार्य समान वेतन दे रही है, जिसके तह गेस्ट टीचर्स की सैलरी में बढ़ोत्तरी कर 57,700 रुपये महीना कर दी गई है, जिस पर दिल्ली सरकार को भी अमल करने की जरूरत है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved