केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका (South Africa) में अरबों रुपये का घोटाला करने के आरोपी भारतीय मूल के गुप्ता बंधुओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसे दक्षिण अफ्रीका (South Africa) की कंपनियों को लूटने के आरोप में सरगनाओं को पकड़ने की लड़ाई में अब तक का सबसे बड़ा कदम है।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के न्याय मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि राजेश और अतुल गुप्ता को यूएई के कानून-प्रवर्तन अधिकारियों ने हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई पर चर्चा हो रही है। यूएई की ओर से दक्षिण अफ्रीका के साथ प्रत्यर्पण संधि होने के एक साल बाद ये गिरफ्तारियां हुई हैं। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के प्रशासन ने पहले अमीराती अधिकारियों से 2018 में गुप्ता परिवार के सदस्यों के प्रत्यर्पण के लिए कहा था। वहीं, अमेरिका ने अगले वर्ष उन पर वीजा प्रतिबंध से लेकर संपत्ति फ्रीज करने तक पर पाबंदी लगा दी थी। इंटरपोल ने फरवरी में दोनों भाइयों को अपनी मोस्ट-वांटेड लिस्ट में शामिल किया।
दक्षिण अफ्रीका में जांच आयोग ने हालिया रिपोर्ट में कहा था कि गुप्ता बंधुओं ने पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा का इस्तेमाल न केवल देश के लोगों के खिलाफ किया, बल्कि प्रमुख संस्थानों में अपने विश्वस्त लोगों की नियुक्ति के लिए भी किया। रिपोर्ट में अनुसार, जुमा सत्ता पर कब्जा करने की गुप्ता बंधुओं की योजना के केंद्र में थे, जिन्हें बहुत पहले ही ऐसे व्यक्ति के रूप में पहचान लिया गया था, जिसका चरित्र ऐसा था कि उसे दक्षिण अफ्रीका के लोगों के खिलाफ इस्तेमाल किया जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved