
इंदौर। इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी की जांच कर रहे एक हेड कॉन्स्टेबल को जान से मारने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है और धमकी देने वाले की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हेड कॉन्स्टेबल किशोर सावलिया एक धोखाधड़ी के मामले की जांच कर रहे हैं। यह मामला पति-पत्नी के बीच मकान एग्रीमेंट को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नियमानुसार जांच शुरू की थी। इसी दौरान जांच अधिकारी किशोर सावलिया को एक अज्ञात नंबर से फोन कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को शिवराज सिंह बताया और जांच को तुरंत रोकने के लिए दबाव बनाया।
इतना ही नहीं, आरोपी ने कार्रवाई जारी रखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता और एडिशनल डीसीपी प्रियंका डुडवे ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगाई गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved