
कर्नाटक। पूरा देश आज दिवाली के जश्न में डूबा है। वहीं, कर्नाटक से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कर्नाटक के उडुपी जिले के तृप्ति नगर में एक ही परिवार के चार लोगों के शव घर में मिले। परिवार के तीन बच्चे और मां के शव बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, एक नकाबपोश शख्स ने जबरन घर में घुसा और हसीना और उसके तीन बच्चों पर बेरहमी से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मृत महिला का पति खाड़ी देश में काम करता है।
उडुपी जिले के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे का मकसद अभी तक पता नहीं चल पाया है। उडुपी एसपी ने बताया कि एक अज्ञात शख्स आया और मां और तीन बेटों की हत्या कर दी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घर से कोई सोना या नकदी चोरी नहीं हुई है। मालपे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
उडुपी पुलिस ने एक बयान में बताया कि मृतकों में तीन बेटे और उनकी मां शामिल हैं। मृतकों की पहचान 48 वर्षीय हसीना, 23 वर्षीय अफनान, 21 वर्षीय अयनाज और 14 वर्षीय असीम के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved