
हनुमानगढ़: राजस्थान में एक किन्नर के घर बड़ी लूट हुई है. मामला हनुमानगढ़ जिले के धोलीपाल गांव का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, बाइक सवार दो चोरों ने किन्नर चन्नी बाई के घर में घुसकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया. चोरी की ये घटना तब हुई, जब घर में कोई मौजूद नहीं था. आरोपी वारदात को अंजाम देकर आसानी से मौके से फरार हो गए.
चोर 55 तोला सोना और 12 लाख नकदी चुराकर ले गए. इतना ही नहीं उन्होंने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियों में आग को हवाले कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के लोगों ने घटना के बारे में जानकारी ली है. शुरुआती जांच में पुलिस की ओर से इस चोरी की घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका व्यक्त की जा रही है. वारदात के समय चन्नी बाई और परिवार के अन्य लोग घर पर नहीं थे.
चोरों ने इसी बात का फायदा उठाया. दो चोर बाइक पर किन्नर के घर पहुंचे. फिरघर में रखे सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी करने के बाद आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी तीन गाड़ियोंं में भी आग लगा दी, जिससे गाड़ियां पूरी तरह से जल गईं. आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. एसएफएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया.
टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं. पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि इस मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. आरोपी घर में रखे सामान और परिवार की गैरमौजूदगी के बारे में पहले से जानते थे या नहीं, इस बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी परिचित की भूमिका तो नहीं है. फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved