नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र (Monsoon Session of Parliament) की शुरुआत के साथ ही कॉकक्रोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा घोषित ‘चलो संसद’ मार्च को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने संसद क्षेत्र और आसपास के इलाकों में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसी बीच पुलिस ने दावा किया है कि बिना अनुमति प्रदर्शन की कोशिश करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं, CJP का कहना है कि उसके प्रवक्ता सौरव दास को डीसीपी कार्यालय में रोका गया है। इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
CJP ने नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के आरोपों और बेरोजगारी के मुद्दे पर संसद तक मार्च निकालने का आह्वान किया था। इसके समर्थन में छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी और उनके अभिभावक रविवार से ही जंतर-मंतर क्षेत्र में जुटने लगे थे।
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर, संसद मार्ग, सेंट्रल विस्टा, कनॉट प्लेस और आसपास के संवेदनशील इलाकों में तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। पुलिस बल के अलावा अर्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) को भी अलर्ट पर रखा गया है।
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि संसद मार्च के लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं मांगी गई थी और न ही कोई अनुमति दी गई है। उन्होंने लोगों से कानून का पालन करने और किसी भी अनधिकृत जुलूस या मार्च में शामिल नहीं होने की अपील की।
पुलिस ने बताया कि मानसून सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। इसके तहत बिना अनुमति पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस निकालने या प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
CJP का कहना है कि उसका आंदोलन मुख्य रूप से तीन प्रमुख मांगों को लेकर है—
फिलहाल राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और प्रदर्शन को लेकर पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved