दुबई। पश्चिम एशिया (West Asia) में बढ़ते तनाव के बीच रविवार को दुबई (Dubai) के अल जद्दाफ इलाके से उठते काले धुएं ने लोगों में भारी डर पैदा कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो के बाद यह दावा किया जाने लगा कि ईरान ने दुबई पर हमला कर दिया है। कुछ पोस्ट में दुबई क्रीक को निशाना बनाए जाने की बात कही गई, जिससे पूरे यूएई में हड़कंप मच गया।
हालांकि कुछ ही देर बाद दुबई प्रशासन और इमरजेंसी एजेंसियों ने स्थिति साफ करते हुए बताया कि यह कोई मिसाइल या ड्रोन हमला नहीं था। अधिकारियों के मुताबिक दुबई क्रीक में खड़ी एक नाव में आग लग गई थी। नाव में मौजूद फाइबरग्लास सामग्री के जलने से आसमान में घना काला धुआं फैल गया, जिसे देखकर लोगों ने हमले की आशंका जतानी शुरू कर दी।
दरअसल हाल के दिनों में खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ा है। फुजैरा तेल क्षेत्र समेत यूएई के कई अहम इलाकों में ड्रोन और मिसाइल हमलों की खबरें सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट पर हैं। इसी वजह से दुबई में धुएं की तस्वीरों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी।
दुबई सिविल डिफेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर जल्द काबू पा लिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी को ही सही मानें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved