देश

केरल में भाजपा के सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए तैयार हूं: ई श्रीधरन

नई दिल्ली। मेट्रो मैन के नाम से मशहूर ई श्रीधरन जल्‍द ही भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। केरल विधानसभा चुनाव से पहले 21 फरवरी को कासरगोड़ में भाजपा की विजय यात्रा के मौके पर श्रीधरन पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण करेंगे। श्रीधरन ने कहा कि वह भाजपा ज्वाइन करने जा रहे हैं। इससे पहले ई श्रीधरन ने आज कहा कि केरल में भाजपा को सत्ता में लाने के लक्ष्य के साथ राजनीतिक मैदान में प्रवेश कर रहा हूं, राज्य के हित के लिए काम करुंगा। उन्होंने कहा कि केरल में भाजपा के सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री पद संभालने के लिए तैयार हूं। श्रीधरन ने कहा कि अगर भाजपा केरल विधानसभा चुनाव में जीतती है तो राज्य को कर्ज के जाल से निकालने, आधारभूत संरचना विकसित करने पर ध्यान होगा।


उन्‍हें राज्यपाल पद संभालने में दिलचस्पी नहीं है, इस तरह के ‘संवैधानिक’ पद पर रहते हुए राज्य के लिए योगदान नहीं दे पाऊंगा, जिसके पास कोई अधिकार नहीं होता।

केरल भाजपा के अध्यक्ष के सुरेंद्रन की अगुवाई में 21 फरवरी को होने वाली विजय यात्रा के दौरान श्रीधरन औपचारिक रूप से भाजपा की सदस्यता लेंगे। इस यात्रा को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे। श्रीधरन की छवि एक बेदाग नौकरशाह की रही है

मालूम हो कि श्रीधरन का जन्म 12 जून 1932 को केरल के पलक्कड़ में हुआ। वे दिल्ली मेट्रो समेत पहले फ्रैट कॉरिडोर को समय से पहले दौड़ाने के मामले में ख्याति बटोर चुके हैं। केरल की एलडीएफ सरकार पर निशाना साधते हुए श्रीधरन ने कहा कि वे राज्य की जनता को बेहतर प्रशासन उपलब्ध नहीं करा सके।। उन्होंने आरोप लगाया कि सीपीएम का हित राज्य की जनता के हितों से ऊपर जान पड़ता है। मेट्रो जैसे परिवहन की व्यवस्था में अहम योगदान के चलते श्रीधरन को पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित किया जा चुका है।

Share:

Next Post

तेज वैक्‍सीनेशन के मामले में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर इंडिया, 34 दिनों में 1 करोड़ वैक्‍सीन लगी

Fri Feb 19 , 2021
नई दिल्‍ली। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना के खिलाफ तेज टीकाकरण के मामले में भारत दुनिया में अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। तेजी से टीकाकरण के मामले में भारत से आगे अब केवल अमेरिका ही हैं। मंत्रालय का कहना […]