देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

आजादी के आंदोलन में जनजातीय नायकों का महत्वपूर्ण योगदान: सीएम शिवराज

– केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने किया इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विवि में शैक्षणिक आवास भवन और कृषि उपज भंडारण गृह का शुभारंभ

भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह (Union Home and Cooperation Minister Amit Shah) ने मंगलवार को मप्र के अमरकंटक में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय (Indira Gandhi National Tribal University) परिसर में नवनिर्मित शैक्षणिक आवास भवन और कृषि उपज भंडारण गृह के शुभारंभ नई दिल्ली से वर्चुअली शुभारम्भ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) भी भोपाल से वर्चुअली जुड़े और कार्यक्रम को संबोधित किया।


मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जनजातीय वर्ग का गौरवशाली इतिहास है। इनकी अनूठी संस्कृति है। जनजातीय वर्ग के लोग सीधे, सहज और सरल हैं, लेकिन स्वतंत्रता आंदोलन में इनका अदभुत योगदान रहा है। हमारा इतिहास अंग्रेजों की नजर से देखा गया। आज जनजातीय नायकों के योगदान की जानकारी विद्यार्थियों को देना आवश्यक है। विश्वविद्यालय इस बात को आम जनता तक ले जाए। जनजातीय वर्ग को कौशल उन्नयन का लाभ देकर उन्हें वैश्विक पटल पर स्थापित करने का कार्य हो।

जनजातीय वर्ग ने समाज को मजबूत किया

उन्होंने कहा, यह प्रसन्नता की बात है इस विश्वविद्यालय में भारत सरकार की केंद्रीय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सभी आयामों को नीति की मूल भावना के साथ क्रियान्वित किया जा रहा है। इसके लिए विश्वविद्यालय बधाई का पात्र है। मुझे विश्वास है कि विश्वविद्यालय शिक्षा के माध्यम से हमारे जनजातीय बेटे-बेटियों के जीवन में एक क्रांतिकारी बदलाव लाएगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में आबादी का 21 प्रतिशत हिस्सा जनजातीय समाज निवास करता है। उनके जीवन मूल्य, परम्पराएँ और गौरवशाली इतिहास से देश गौरवान्वित है। सबको साथ लेकर चलने वाले इस समाज ने सबको मजबूत करने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी संस्कृति के अलग-अलग रंग हैं, इनमें एक जनजातीय रंग भी है। भगवान बिरसा मुंडा से लेकर टंटया भील, शंकरशाह, रघुनाथ शाह, भीमा नायक, वीर खाज्या नायक और अन्य अनेक जनजातीय नायकों ने आजादी की लड़ाई लड़ी। इनके योगदान से सम्पूर्ण समाज को अवगत करवाया जा रहा है। जनजातीय वर्ग के पास देशज चिकित्सा विज्ञान की पूँजी है। मध्यप्रदेश सरकार ने देवारण्य योजना से जनजातीय अंचल में पाई जाने वाली औषधियों के संग्रहण और प्र-संस्करण के प्रयास किए हैं। कोरोना काल में भी हमारी प्राकृतिक चिकित्सा और वनोत्पाद लाखों लोगों की जीवन रक्षा में काम आए।

मुख्यमंत्री चौहान ने केंद्रीय गृह मंत्री शाह को आजादी के अमृत महोत्सव में अमरकंटक आकर नर्मदा मैया का उद्गम स्थल, प्रकृति का सौंदर्य और जनजातीय विश्वविद्यालय परिसर देखने के लिए आमंत्रित किया। केन्द्रीय गृह मंत्री शाह ने भी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. मुकुल ईश्वरलाल शाह, कुलपति प्रो. प्रकाश मणि त्रिपाठी ने केंद्रीय गृह मंत्री का स्वागत किया और विश्वविद्यालय के उद्देश्यों एवं गतिविधियों की जानकारी दी। कुल सचिव पी. सिलुवैनाथन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का दीप जलाकर एवं वंदना के साथ शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय का कुलगीत भी प्रस्तुत किया गया। समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

इजरायल के साथ सुदृढ़ संबंध

Wed Jun 15 , 2022
– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री कहा जाता है कि सच्चे मित्र की पहचान आपदा के समय होती है । यह विचार केवल व्यक्तिगत विषयों तक सीमित नहीं है। विदेश नीति में भी यह सिद्धांत लागू होता है। उसमें भी दोस्त और दुश्मन होते हैं। चुनौती के समय साथ देने वाला देश ही सच्चा दोस्त होता है। […]