
देवास। देवास जिले (Dewas District) के अंतिम छोर पर बसे ग्राम देवर के सरकारी स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एकीकृत शासकीय माध्यमिक विद्यालय के सभी 10 कमरे जर्जर हालत में हैं। छतों का प्लास्टर उखड़ चुका है और लोहे के सरिये बाहर दिखाई दे रहे हैं। हादसे की आशंका के चलते पहली से आठवीं तक की आठ कक्षाओं के 121 बच्चों को महज तीन कमरों में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि पिछले चार वर्षों से शिक्षा विभाग के इंजीनियर ने भवन का निरीक्षण तक नहीं किया।
स्कूल में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक शैलेंद्र नागर के अनुसार, भवन की स्थिति को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी गई हैं। बारिश से पहले छत की वाटरप्रूफिंग का काम शुरू कराया गया था, लेकिन पर्याप्त बजट नहीं मिलने से काम अधूरा रह गया। जर्जर कमरों को बंद कर बच्चों की कक्षाएं तीन कमरों में संचालित की जा रही हैं।
स्कूल में पेयजल और शौचालय की सुविधा भी बदहाल है। परिसर की प्याऊ और पानी की टंकियां बंद पड़ी हैं। मध्याह्न भोजन के बाद बच्चों को पीने के पानी के लिए पास की मस्जिद जाना पड़ता है। वहीं, शौचालय क्षतिग्रस्त होने से छात्राओं को भी घर या मस्जिद जाना पड़ रहा है। स्कूल परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र का भवन भी जर्जर है, जहां छोटे बच्चों को जमीन पर बैठकर पोषण आहार दिया जा रहा है।
तीन बार लिखित शिकायत, फिर भी कार्रवाई नहीं
स्कूल प्रबंधन ने भवन की स्थिति को लेकर 26 जुलाई 2025, 28 अप्रैल 2026 और 3 नवंबर 2026 को पत्र लिखकर अधिकारियों को अवगत कराया। पत्रों में छत का प्लास्टर गिरने, सरिये बाहर निकलने और 121 बच्चों को केवल तीन कमरों में पढ़ाने की समस्या का उल्लेख किया गया। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीण संदीप जायसवाल सहित अन्य ग्राम वासियों ने कलेक्टर और जिला प्रशासन से तत्काल स्कूल का निरीक्षण कर नए भवन की स्वीकृति देने तथा पेयजल और शौचालय की व्यवस्था कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द सुनवाई नहीं होने पर वे देवास कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। अब सवाल यह है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर जिम्मेदार विभाग कब जागेगा?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved