img-fluid

देवास के खातेगांव में शराब तस्करी रोकने गए TI को ट्रक ने कुचला, परिवार को 1 करोड़ और पत्नी को मिलेगी SI की नौकरी

November 02, 2026

देवास: मध्य प्रदेश के देवास जिले (Dewas District) में अवैध शराब की तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव थाना प्रभारी (TI) दिलीप पुरी की ट्रक से कुचलने से मौत हो गई. घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 1 से 1:30 बजे इंदौर-बैतूल हाईवे पर खातेगांव और संदलपुर के बीच हुई. टीआई पुलिस टीम के साथ अवैध शराब से भरे आयशर वाहन को पकड़ने पहुंचे थे. इसी दौरान चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया और उसका पिछला पहिया दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने टीआई के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और उनकी पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है. मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है. पुलिस ने एक आरोपी केरम सिंह को गिरफ्तार किया है, जबकि ट्रक चालक फरार है.

ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजरा
जानकारी के मुताबिक, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात खातेगांव टीआई दिलीप पुरी को अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी. वे पुलिस टीम के साथ इंदौर-बैतूल हाईवे पर कार्रवाई के लिए पहुंचे. इसी दौरान नेमावर पुलिस भी आयशर वाहन का पीछा कर रही थी. पुलिस टीम को ट्रक एक ढाबे के पास डिवाइडर के किनारे खड़ा मिला. टीआई दिलीप पुरी ने चालक को नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन चालक ने ट्रक डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ा दिया. इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया टीआई के ऊपर से गुजर गया. गंभीर रूप से घायल दिलीप पुरी को तत्काल खातेगांव के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. यहां करीब दो घंटे तक CPR और इलाज के प्रयास किए गए, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका. बताया जा रहा है कि घटना के बाद चालक ट्रक को डिवाइडर के दूसरी ओर ले गया और संदलपुर फाटे के पास वाहन छोड़कर फरार हो गया.


  • पुलिस ने शराब तस्करी के मामले में केरम सिंह को आलीराजपुर जिले के बेहड़वा से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, केरम सिंह को आयशर वाहन का मालिक और उसके आगे कार से पायलेटिंग करने वाला बताया जा रहा है. ट्रक चालक की तलाश में खातेगांव पुलिस की तीन टीमें आलीराजपुर पहुंची हैं. पुलिस आलीराजपुर, झाबुआ और गुजरात में भी उसकी तलाश कर रही है. हादसे में इस्तेमाल ट्रक रतलाम पासिंग का बताया जा रहा है. पुलिस ने हरदा जिले की टिमरनी तहसील के शराब ठेकेदार और कुछ कर्मचारियों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है.

    SIT करेगी मामले की जांच
    देवास एसपी आदित्य मिश्रा सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे खातेगांव पहुंचे. उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए SIT गठित की गई है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. घटना की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल डीजी उपेंद्र जैन को भोपाल से घटनास्थल भेजा गया. उन्होंने उज्जैन रेंज के एडीजी राकेश गुप्ता और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.

    आबकारी उपनिरीक्षक पूजा गेहलोत के मुताबिक, आयशर वाहन का बेस सामान्य से करीब दो फीट ऊंचा था. वाहन के कंपार्टमेंट में शराब भरी हुई थी. शराब की कुल मात्रा और उसके स्रोत का पता जांच के बाद ही चल सकेगा.

    2007 बैच के सब इंस्पेक्टर थे दिलीप पुरी
    टीआई दिलीप पुरी साल 2007 बैच के सब इंस्पेक्टर थे. वे मूल रूप से धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमंडल के निवासी थे. पुलिस सेवा के दौरान उन्होंने खंडवा, आलीराजपुर, बालाघाट, सतना, इंदौर और बड़वानी में सेवाएं दी थीं. कुछ महीने पहले ही उनका बड़वानी से देवास तबादला हुआ था. उनके परिवार में पत्नी कविता, एक बेटी और एक बेटा हैं. उनकी बेटी इंदौर में MBBS की पढ़ाई कर रही है. उनके पिता ओमप्रकाश पुरी किसान हैं, जबकि छोटा भाई इंदौर में प्राइवेट नौकरी करते हैं.

    खातेगांव थाने में गार्ड ऑफ ऑनर, गांव में होगा अंतिम संस्कार
    पोस्टमॉर्टम के बाद दिलीप पुरी के पार्थिव शरीर को राष्ट्रीय ध्वज में लपेटकर खातेगांव थाना परिसर लाया गया. यहां पुलिस की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. इस दौरान देवास एसपी आदित्य मिश्रा, खातेगांव विधायक आशीष शर्मा, पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद पुलिस अधिकारियों और परिजनों की मौजूदगी में पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव धार जिले के बरमंडल के लिए रवाना किया गया. गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाना है.

    CM मोहन यादव ने की एक करोड़ की सहायता की घोषणा
    टीआई दिलीप पुरी की मौत पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और पत्नी को सब इंस्पेक्टर के पद पर अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है. डिप्टी सीएम और देवास जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा है कि मामले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश तेज कर दी है और एसआईटी मामले के सभी पहलुओं की जांच करेगी.

    Share:

  • दिल्ली-एऩसीआर के लोग 7 और 8 नवंबर को प्रमाणित ग्रीन पटाखे ही जला सकेंगे - सुप्रीम कोर्ट

    Mon Nov 2 , 2026
    नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने कहा कि दिल्ली-एऩसीआर के लोग (People in Delhi-NCR) 7 और 8 नवंबर को (On November 7 and 8) प्रमाणित ग्रीन पटाखे ही जला सकेंगे (Will be allowed to burst only Certified Green Firecrackers) । दीपावली पर दिल्ली-एऩसीआर के लोगों को पटाखे जलाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved