
भोपाल से आई महिला बाल विकास विभाग की टीम ने किया लसूड़िया सेंटर का औचक निरीक्षण
इंदौर। महिलाओं (Women) को घरेलू हिंसा (Domestic violence) , प्रताड़ना और अन्य संकटों में तत्काल सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए अब इंदौर (Indore) में वन स्टॉप सेंटर का दायरा बढ़ाया गया है। ग्रामीण क्षेत्र की प्रताड़ित महिलाओं को अब शहर आकर अपनी शिकायत नहीं लिखवानी पड़ रही है। वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली को जांचने के लिए भोपाल से अधिकारियों की टीम शहर पहुंची।
[relpost
अब तक शहर की महिलाओं के लिए एक ही वन स्टॉप सेंटर के भरोसे व्यवस्था संचालित हो रही थी, लेकिन अब लसूड़िया, महू और सांवेर में भी नए केंद्र शुरू किए गए हैं। इसका उद्देश्य महिलाओं को उनके क्षेत्र के नजदीक ही सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि संकट की स्थिति में उन्हें दूर स्थित केंद्र तक पहुंचने के लिए परेशान न होना पड़े। भोपाल से आई महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर संचालक डॉ. संध्या व्यास और ज्वाइंट डायरेक्टर सुनीता यादव ने लसूड़िया में हाल ही में शुरू हुए नए वन स्टॉप सेंटर का औचक निरीक्षण किया। 1 जुलाई से शुरू हुए इस केंद्र में पिछले महीने ही 59 प्रकरण दर्ज किए गए, जिन पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र की व्यवस्थाओं, पीड़ित महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और गतिविधियों की जानकारी ली।
पुलिस के सहयोग पर दिया जोर
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि महिलाओं को समय पर सुरक्षा और सहायता उपलब्ध कराने में पुलिस का सहयोग भी बेहद जरूरी है। इस संबंध में अपर संचालक ने पुलिस कमिश्नर और अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर को आवश्यक सहयोग के लिए अवगत कराया। अधिकारियों ने केंद्र में संचालित गतिविधियों और व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया। नए केंद्रों के शुरू होने से महिलाओं को काउंसलिंग, कानूनी सहायता, पुलिस सहयोग और संकट के समय जरूरी सेवाएं अपने क्षेत्र के नजदीक मिल सकेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved