img-fluid

WTC अंक तालिका में भारत को श्रीलंका पर जीत का फायदा, 53.33 पीसीटी के साथ पांचवें स्थान पर मजबूत स्थिति

August 20, 2026

नई दिल्ली ।भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने गॉल टेस्ट (Galle Test) में श्रीलंका (Sri Lanka) को 165 रनों से हराकर दो मैचों की टेस्ट सीरीज (Test Series) में 1-0 की बढ़त बना ली है। इस जीत का असर आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (ICC World Test Championship) 2025-27 की अंक तालिका पर भी पड़ा है। भारत के अंकों में इजाफा हुआ है और टीम ने फाइनल (Final) की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत की है। हालांकि, भारतीय टीम अभी भी तालिका में पांचवें स्थान (Fifth Place) पर बनी हुई है।

गॉल में खेले गए मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जो भारतीय टीम के पक्ष में रहा। देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे नंबर पर उतरकर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाया और 167 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी ने भारत को पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा करने में मदद की।

भारतीय टीम की पहली पारी 462 रन पर समाप्त हुई। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 284 रन ही बना सकी। इस तरह भारत को पहली पारी में 178 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त मिली। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में भी तेजी से रन बनाए और मेजबान टीम के सामने 372 रनों का लक्ष्य रखा।

दूसरी पारी में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बनने की उपलब्धि भी हासिल की। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका की दूसरी पारी को ज्यादा देर टिकने नहीं दिया।

गेंदबाजी में मानव सुथार भारत की जीत के सबसे बड़े नायकों में रहे। उन्होंने श्रीलंका की पहली पारी में चार विकेट हासिल किए, जबकि दूसरी पारी में छह विकेट लेकर कुल 10 विकेट अपने नाम किए। उनके प्रदर्शन के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजी दबाव में बिखर गई और भारत ने मुकाबला 165 रनों से अपने नाम कर लिया।

इस जीत के बाद WTC अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने नौ मैचों में सात जीत के साथ 84 अंक और 77.77 प्रतिशत पीसीटी हासिल किया है। दक्षिण अफ्रीका 75 प्रतिशत पीसीटी के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत पीसीटी के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद है। बांग्लादेश 66.67 प्रतिशत पीसीटी के साथ चौथे स्थान पर है।

भारत के खाते में अब 10 मैचों से पांच जीत, चार हार और एक ड्रॉ के साथ 64 अंक हैं। टीम का पीसीटी 53.33 प्रतिशत है और वह पांचवें स्थान पर बनी हुई है। भारत से हारने के बाद श्रीलंका 33.33 प्रतिशत पीसीटी के साथ छठे स्थान पर खिसक गया है।

तालिका में इंग्लैंड 24.36 प्रतिशत पीसीटी के साथ सातवें, पाकिस्तान 22.22 प्रतिशत के साथ आठवें और वेस्टइंडीज 20.83 प्रतिशत पीसीटी के साथ नौवें स्थान पर है। WTC में फाइनल के लिए शीर्ष दो टीमों को जगह मिलनी है, इसलिए भारत के लिए आगे आने वाले मुकाबले बेहद महत्वपूर्ण होंगे।


  • भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा और आखिरी टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। WTC चक्र के आगे बढ़ने के साथ भारत को हर मुकाबले में बेहतर परिणाम हासिल करने की जरूरत होगी, ताकि वह शीर्ष दो में जगह बनाकर फाइनल का टिकट हासिल कर सके।

    Share:

  • भारत का 'जैसे को तैसे' वाला जवाब.... पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहरी अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर

    Thu Aug 20 , 2026
    नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान (India and Pakistan) के बीच पहले से ही तनावपूर्ण रिश्ते हैं। इस बीच पाकिस्तान (Pakistan) ने फिर कुछ ऐसा कर दिया जिससे भारत (India) को ‘जैस को तैसे’ वाला जवाब देने पड़ा। नई दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन (Pakistan High Commission) के बाहर बनी कुछ अनधिकृत संरचनाओं और अतिक्रमण को […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved